
सानौधा/13.09.2026; भगवान श्री लव-कुश जयंती के पावन अवसर पर नरयावली विधानसभा अंतर्गत सानौधा में आस्था, उत्साह और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। कुशवाहा समाज सानौधा द्वारा आयोजित भव्य चल समारोह एवं शोभायात्रा में नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्री लव-कुश का विधिवत पूजन-अर्चन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
भव्य शोभायात्रा पूरे उत्साह और उल्लास के साथ ग्राम के प्रमुख मार्गों से निकली। श्रद्धा और भक्ति से सराबोर वातावरण में समाजबंधुओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। शोभायात्रा का समापन लव-कुश भवन में हुआ, जहां श्रद्धालुओं एवं समाजजनों ने धार्मिक भाव के साथ आयोजन को पूर्णता प्रदान की।
‘आस्था हमें जोड़ती है, संस्कार हमें आगे बढ़ाते हैं’ — विधायक लारिया
इस अवसर पर विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने कहा कि भगवान श्री लव-कुश केवल हमारी आस्था के केंद्र नहीं, बल्कि त्याग, शौर्य, संस्कार और कर्तव्यनिष्ठा के प्रेरणास्रोत हैं। ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज को एकजुट रखने का कार्य करते हैं। अध्यात्म के प्रभाव से समाज में नवचेतना जागृत होती है और हमारी नई पीढ़ी अपनी संस्कृति, परंपराओं एवं संस्कारों से जुड़ती है।
उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकजुटता में होती है। जब समाज अपनी संस्कृति और विरासत के साथ संगठित होकर आगे बढ़ता है, तो सामाजिक चेतना भी मजबूत होती है। भगवान श्री लव-कुश के आदर्श हमें सत्य, साहस, स्वाभिमान और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
विधायक लारिया की प्रेरणा से कुशवाहा समाज ने लिया शराबबंदी का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान विधायक इंजी. प्रदीप लारिया की प्रेरणा से कुशवाहा समाज के सदस्यों ने शराब से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने की सामूहिक शपथ ली। समाजजनों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं शराब का सेवन नहीं करेंगे तथा परिवार और समाज में भी नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाएंगे। धार्मिक आयोजन में लिया गया यह सामाजिक संकल्प नई पीढ़ी को स्वस्थ, संस्कारित और जिम्मेदार बनाने की दिशा में एक प्रेरक पहल बना।
इस अवसर पर विधायक लारिया ने लव-कुश भवन में अतिरिक्त भवन निर्माण के लिए 3 लाख की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने समाजजनों को भगवान श्री लव-कुश जयंती की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक एकता, सद्भाव और निरंतर प्रगति की कामना की।
आयोजन में मंडल अध्यक्ष, सरपंच, कुशवाहा समाज के वरिष्ठजन, युवा, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।











