छात्रों की गूंज अभियान को लेकर छात्र संवाद, दिग्विजय सिंह ने छात्रों से की खुलकर आवाज उठाने की अपील


सागर, 13 सितंबर 2026। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नेता राहुल गांधी द्वारा आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से जिला शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा निरंतर छात्र संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को स्थानीय कवि पद्माकर हॉल में छात्र संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
दिग्विजय सिंह ने बुंदेली अंदाज में छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश युवाओं का है और छात्रों की आवाज लोकतंत्र की सबसे मजबूत गूंज है। उन्होंने छात्रों से ‘छात्रों की गूंज’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और इसे ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि छात्र शिक्षा, रोजगार और संविधान की रक्षा जैसे मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखें। युवाओं को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में सामने आए नीट पेपर लीक प्रकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने की जरूरत है।
कार्यक्रम का आयोजन युवा कांग्रेस अध्यक्ष सागर साहू, अमित राम दुबे एवं रामकुमार पचौरी के नेतृत्व में किया गया।
पूर्व विधायक सुनील जैन ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को देशभर में व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार इस आयोजन के लिए स्थान उपलब्ध कराने में भी आनाकानी कर रही है।
जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा छात्र हितों के लिए संघर्ष करती रही है। ‘छात्रों की गूंज’ अभियान छात्रों को अपनी समस्याएं और विचार रखने के लिए एक मंच उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि शहर कांग्रेस पूर्व में भी छात्र-छात्राओं की आवाज बनकर नीट पेपर लीक मामले को लेकर आंदोलन कर चुकी है।
महेश जाटव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए उसे ‘मौतों का सौदागर’ बताया और आरोप लगाया कि सरकार की नजर में खून से ज्यादा शराब की कीमत है।
कार्यक्रम को जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता अमित राम दुबे ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने छात्र-छात्राओं से एकजुट होकर ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को सफल बनाने की अपील की।
इस अवसर पर आनंद हेला, नीलेश अहिरवार, महिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. किरण लता सोनी, प्रमिला सिंह राजपूत, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अक्षत कोठारी, जितेंद्र चौधरी, सुरेश पंजवानी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हेमराज रजक, नरेंद्र मिश्रा, अलीम खान ताज्जु सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं विभिन्न मोर्चा संगठनों के पदाधिकारियों की भी उपस्थिति रही।

Leave a Comment

Read More