
माननीय मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन डॉ मोहन यादव के करकमलों द्वारा सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड की 47.09 करोड़ की परियोजनाओं का किया गया लोकार्पण
सागर दिनांक 20 जनवरी 2024 दिन शनिवार को माननीय मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन डॉ मोहन यादव के करकमलों द्वारा सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड की परियोजनाओं नवनिर्मित न्यू आरटीओ बस स्टेण्ड, भोपाल रोड बस स्टेण्ड, अमावनी स्थित ट्रांसपोर्ट नगर एवं मैकेनिक्स कॉम्प्लेक्स फेस-1, बीस चाइल्ड वेलफेयर सेंटर(आँगनबाड़ी), दो जोनल सिटीजन फैसिलिटेशन सेंटर(नागरिक सुविधा केंद्र) का लोकार्पण कर नागरिकों को सौगात दी गई।
न्यू आरटीओ के पास 2.834 हेक्टेयर एवं भोपाल रोड पर 1.761 हेक्टेयर क्षेत्रफल में सर्वसुविधायुक्त बस टर्मिनलों से बसों का संचालन होने से एक ओर सागर में मुख्य शहर के अंदर हेवी बसों की आवाजाही समाप्त होगी और यातायात सुगम, सुरक्षित व व्यवस्थित होगा, धुआ, हॉर्न, धूल आदि से होने वाले वायु एवं ध्वनि प्रदूषण को कम किया जा सकेगा, दूसरी ओर यहां उपलब्ध सुविधाओं से यात्रियों के सफऱ को आसान बनाया जा सकेगा। दोनों बस स्टेण्डों पर लगभग 4108 वर्गमीटर क्षेत्रफल की G+1 प्रकार के भवन का निर्माण किया गया है। भूतल पर दो ओर टिकिट काउंटर निर्माण, महिला, पुरुष एवं दिव्यांग टॉयलेट्स निर्माण, सहित वेटिंग एरिया, शॉपस का निर्माणआदि सुविधाएं विकसित की गई हैं। प्रथमतल पर मैनेजर कार्यालय, पुरुष डॉरमेट्री, महिला डॉरमेट्री, फैमिली डॉरमेट्री, फूड कोर्ट पुलिस कंट्रोल रूम फायर स्टेशन आदि सुविधाओं हेतु निर्माण किया गया है। बस स्टेण्ड परिसर में 19 बसों को प्लेटफार्म पर और कुल 50 बसों को एक साथ खड़ा किया जा सकेगा। लगभग 100 दो-पहिया, 40 चार-पहिया एवं ऑटो हेतु व्यवस्थित पार्किंग तैयार है। यहां जन सुविधा हेतु कुल 12 दुकानों का भी निर्माण किया गया है। जिससे यात्रियों को सफऱ के दौरान आवश्यक वस्तुएँ उपलब्ध हो सकेंगी। महिला, पुरुष दिव्यांग एवं वृद्धजन हेतु यहां अलग-अलग टिकिट काउंटर से आसानी से टिकिट लेकर सुव्यवस्थित वेटिंग एरिया में बैठकर यात्री बसों का इंतजार कर सकेंगे।
अमावनी में लगभग 27 एकड़ क्षेत्रफल पर ट्रांसपोर्ट नगर एवं मैकेनिक्स कॉप्लेक्स हेतु नवनिर्मित सर्वसुविधायुक्त परिसर में शहर की विभिन्न ट्रांसपोर्ट कंपनियों के संचालन से मुख्य शहर में ट्रकों की आवाजाही समाप्त होगी और यातायात सुगम बनेगा। यहां 1200 मीटर लबाई की 23मीटर चौड़ी सीसी रोड निर्माण, ड्रेन निर्माण, बाउंड्रीवॉल, पर्याप्त रौशनी हेतु स्ट्रीट लाईट स्थापना, इलेक्ट्रिक कार्य आदि विकासकार्य किये गए हैं।ट्रांसपोर्टरों को एक सुनियोजित ट्रांसपोर्ट नगर मिलने से व्यवसायिक गतिविधियों में सहयोग मिलेगा साथ ही शहर में जहाँ-तहाँ खड़े होने वाले ट्रकों से नागरिकों को छुटकारा मिलेगा और शहर में बड़े वाहनों से दुर्घटनाओं की सम्भावना कम होगी। यहां बनाएं गए मैकेनिक्स कॉम्प्लेक्स से वाहनों को यहीं एक स्थल पर रिपेयर किया जा सकेगा और शहर में फैलने वाली गंदगी समाप्त होगी स्वच्छ भारत मिशन में सहयोग मिलेगा।
समाज एवं बाल विकास के बुनियादी घटकों में से एक आँगनबाड़ियों के उत्कृष्ठ संचालन के उद्देश्य से चाइल्ड वेलफेयर सेंटर (आंगनबाड़ी) का निर्माण एवं पुनर्विकास किया गया है। इसके तहत मुख्य हॉल का निर्माण, कार्यालय कक्ष, भंडारण इकाई के साथ रसोई घर, बच्चों के लिए स्वच्छ शौचालय, बच्चों के खेलने हेतु आउटडोर चिल्ड्रन प्ले एरिया, बाउंड्री वॉल, लैंडस्कैपिंग कार्य एवं मुख्य द्वार सहित दिव्यांग बच्चों हेतु रेम्प व रैलिंग सहित सुंदर आंगनबाड़ियों का निर्माण किया गया है। इन नवनिर्मित भवनों में वर्तमान आंगनबाड़ियों के संचालन से जरूरतमंद बच्चों को 1-2 कमरों वाले किराये के भावनों एवं जर्ज़र भावनो में होने वाली असुविधा से छुटकारा मिलेगा। बच्चों को बेहतर सुविधाओं का लाभ मिलेगा। मुख्यधारा से जोड़ने और मनोरंजक खेल गतिविधियों हेतु सुविधाएं मुहैया होने से जरूरतमंद के बच्चों सर्वांगीण विकास में लाभ मिलेगा।
शहर में विभिन्न स्थलों पर जोनल सिटीजन फैसिलिटेशन सेंटर( क्षेत्रीय नागरिक सुविधा केंद्र) के निर्माण से स्थानीय नागरिकों को उनके घरों के पास ही नगर पालिका निगम अंतर्गत विभिन्न सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। लगभग 850 वर्गफीट क्षेत्रफल में बनाएं गए जोनल सिटीजन फैसिलिटेशन सेंटरों में जोनल ऑफिस केबिन, वेटिंग हॉल, इनफॉरमेशन काउंटर्स, महिला एवं पुरुष टॉयलेट, दिव्यांग जन हेतु रैंप आदि निर्माण कार्य किए गए हैं। विभिन्न शासन की योजनाओं के हितग्राही फॉर्म, जलकर, भवन कर, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, विवाह प्रमाणपत्र, भवन भूमि नामांतरण जैसी अन्य सेवाओं आदि का लाभ इन जोनल फैसिलिटेशन सेंटर के माध्यम से एक ही स्थल से आसानी से दिया जा सकेगा। इन सेंटरों के माध्यम से शहर में स्वच्छ भारत मिशन जैसे अभियानों को प्रभावी बनाने में भी सहयोग मिलेगा।











