
केंद्रीय जेल में छुट्टी के दिन मुलाकात का वीडियो वायरल, जेल प्रशासन पर उठे सवाल
एमडी ड्रग्स तस्करी में सजा काट रहे कैदी से मिलने कोलकाता से पहुंचे थे परिजन
सागर। सागर केंद्रीय जेल में छुट्टी के दिन एक कैदी से मुलाकात करने पहुंचे परिजनों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जेल प्रशासन पर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि संबंधित कैदी एमडी ड्रग्स की तस्करी के मामले में सजा काट रहा है।
जानकारी के अनुसार, उक्त कैदी के परिजन कोलकाता से सागर पहुंचे थे और छुट्टी के दिन जेल में मुलाकात की। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने मुलाकात से जुड़ा वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद यह चर्चा शुरू हो गई है कि आखिर अवकाश के दिन मुलाकात किस नियम के तहत कराई गई।
मामले को लेकर जब जेल अधीक्षक मानवेंद्र सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। जेल प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
वायरल वीडियो के बाद आमजन के बीच चर्चा है कि क्या नियमों का पालन किया गया या विशेष अनुमति दी गई थी। अब सभी की नजर जेल प्रशासन की सफाई पर टिकी है।












