
पेंशनर्स के लिए विद्युत मंडल परिसर में बनेगा सामुदायिक भवन, विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने किया स्थल निरीक्षण
सागर।मध्य प्रदेश विद्युत मंडल के सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं पेंशनर्स के लिए सामुदायिक भवन निर्माण की दिशा में पहल करते हुए विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने सोमवार को विद्युत मंडल परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार एवं विद्युत मंडल के कार्यपालन अभियंता इमरान खान भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान विधायक जैन ने परिसर में उपलब्ध स्थानों का अवलोकन कर सामुदायिक भवन निर्माण हेतु उपयुक्त स्थल का परीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यदि परिसर में पर्याप्त और उपयुक्त स्थान उपलब्ध हो जाता है, तो सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं पेंशनर्स को एक साझा मंच मिलेगा, जहां वे नियमित बैठकें, संवाद एवं अन्य सामाजिक कार्यक्रम आयोजित कर सकेंगे।
विधायक जैन ने एक नवाचारपूर्ण सुझाव भी रखा। उन्होंने कहा कि इस सामुदायिक भवन के माध्यम से एक ऐसी व्यवस्था बनाई जा सकती है, जिसमें सेवानिवृत्त कर्मचारी माह में एक दिन विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए समय दें। इससे विशेष रूप से निरक्षर एवं जरूरतमंद उपभोक्ताओं को विद्युत बिल एवं अन्य शिकायतों के निराकरण में सहायता मिल सकेगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस प्रस्ताव पर गंभीरता से कार्य करते हुए आगे की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए, ताकि पेंशनर्स को जल्द ही यह सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
इस अवसर पर विद्युत मंडल के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।











