
रंगमहल के किन्नरो ने मोतीनगर थाने में दिया आवेदन, मारपीट व जान से मारने की धमकी का आरोप
थाने के अंदर भी मारपीट का आरोप, कार्रवाई नहीं होने पर आत्मदाह की चेतावनी
सागर शहर के इतवारी टौरी स्थित रंगमहल में रहने वाले किन्नर समाज के लोगों ने मारपीट, धमकी और जबरन कब्जे के आरोप लगाते हुए मंगलवार शाम करीब 4 बजे मोतीनगर थाना पहुंचकर आवेदन दिया। शिकायतकर्ता किरन नायक ने पुलिस से सुरक्षा और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, 12 अप्रैल को गोलू हाजी और किन्नर संध्या सहित करीब 20 लोग पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया। आरोप है कि थाने के अंदर ही गाली-गलौज के बाद चप्पलों से मारपीट की गई। घटना के दौरान पुलिस मौजूद रही, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। घर लौटते समय भी पत्थरबाजी किए जाने का आरोप लगाया गया है।
किन्नर किरण नायक का कहना है कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं और बाहरी लोग उनकी पारंपरिक बस्तियों पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। गढ़ाकोटा क्षेत्र के किन्नर समाज को भी धमकी दिए जाने की बात आवेदन में कही गई है।
किन्नर समाज ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक आत्मदाह करने को मजबूर होंगे। फिलहाल पुलिस ने आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि 12 अप्रैल को काकागंज क्षेत्र में बधाई को लेकर किन्नर समाज के दो पक्षों में विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्ष मोतीनगर थाने पहुंचे थे और वहीं विवाद बढ़ने पर मारपीट हुई थी। घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे।











