
कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में ‘नारी शक्ति वंदन’ का भव्य आयोजन, विशेषज्ञों ने दी नारी सशक्तिकरण की सीख
सागर। शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, सागर के आभासी कक्ष में सोमवार को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस गरिमामयी आयोजन में कॉलेज के स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता कर महिला सशक्तिकरण के संकल्प को दोहराया।
महाविद्यालय के सभागार में आधुनिक तकनीकी संसाधनों के माध्यम से इस लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी। लगभग 35 स्टाफ सदस्यों और 50 विद्यार्थियों ने बेहद उत्साह के साथ इस कार्यक्रम को देखा। इस दौरान वक्ताओं ने नारी के आत्मनिर्भर बनने, शिक्षा के महत्व और समाज में समान अवसर प्रदान करने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सरोज गुप्ता ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों में न केवल सकारात्मक सोच पैदा होती है, बल्कि उनमें सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी जागृत होती है। हमारा उद्देश्य छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग कर उन्हें आत्मविश्वास से लबरेज करना है।
जिला उद्योग कार्यालय से पधारीं मुख्य अतिथि श्रीमती मंदाकिनी पाण्डेय ने महिलाओं की आर्थिक भूमिका पर चर्चा करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम महिलाओं की सामाजिक और राजनीतिक भूमिका को रेखांकित करने का सशक्त माध्यम है। आज की नारी को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की आवश्यकता है और शिक्षा ही उस सशक्तिकरण की पहली सीढ़ी है।
कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ सदस्यों ने भी आयोजन की सराहना की। अंत में डॉ. शुचिता अग्रवाल द्वारा उपस्थित सभी जनों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ गोपा जैन डॉ जय कुमार सोनी डॉ संगीता मुखर्जी डॉ अभिलाषा जैन की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। डॉ संदीप सबलोक ने बताया कि इस पूरे आयोजन ने युवाओं को महिलाओं के सम्मान और उनके उत्थान में अपना सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया











