बुंदेलखंड की बेटियों ने रचा इतिहास, सुरभि और प्रियांशी ने बोर्ड परीक्षा में बढ़ाया सुरखी का मान

बुंदेलखंड की बेटियों ने रचा इतिहास, सुरभि और प्रियांशी ने बोर्ड परीक्षा में बढ़ाया सुरखी का मान

खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने वीडियो कॉल कर सुरभि को दी बधाई

सुरभि पटेल ने 12वीं में 7वां प्रियांशी ने 10वीं में पाया 8वां स्थान पाया

सागर। मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा बुधवार को घोषित 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों में बुंदेलखंड क्षेत्र की दो होनहार बेटियों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल कर पूरे प्रदेश का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। सागर जिले की सुरखी विधानसभा क्षेत्र के बिलहरा गांव की प्रतिभावान छात्रा सुरभि पटेल ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में गणित समूह से 486 अंक प्राप्त कर प्रदेश की मेरिट सूची में सातवां स्थान हासिल किया है। वहीं हाई स्कूल परीक्षा में सरस्वती शिशु मंदिर जैसीनगर की छात्रा प्रियांशी शुक्ला ने 500 में से 492 अंक प्राप्त कर प्रदेश की मेरिट सूची में आठवा स्थान प्राप्त कर प्रदेश स्तर पर सुरखी विधानसभा क्षेत्र का नाम रोशन किया है और अपनी पहचान बनाई है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
ग्रामीण परिवेश से निकलकर यह शानदार उपलब्धि हासिल करने वाली सुरभि और प्रियांशी ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से गांव में खुशी और गर्व का माहौल है। स्थानीय लोगों और परिजनों ने इसे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है।
दोनों बेटियों की इस सफलता पर प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने भोपाल प्रवास पर होने के बावजूद सुरभि पटेल से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर उन्हें इस शानदार सफलता के लिए हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि सुरभि और प्रियांशी की यह उपलब्धि पूरे बुंदेलखंड के लिए गर्व का विषय है और यह अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। सुरभि पटेल और प्रियांशी शुक्ला की इस उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि लक्ष्य के प्रति समर्पण और मेहनत हो, तो सीमित संसाधन भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनते। उनकी यह सफलता न केवल बेटियों के सशक्तिकरण का उदाहरण है, बल्कि ग्रामीण प्रतिभाओं की क्षमता को भी उजागर करती है।

Leave a Comment

Read More