
विधायक लारिया ने ली मंडलों की बैठक, मुख्यमंत्री के भव्य स्वागत की तैयारियों को दिया अंतिम रूप
(मुख्यमंत्री के नरयावली आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह)
सागर /14.04.2026: मध्यप्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगामी नरयावली प्रवास को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बनाने के लिए क्षेत्रीय विधायक इंजी.प्रदीप लारिया ने संपर्कता तेज कर दी है। मुख्यमंत्री के गरिमामय कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने और जन-जन की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विधायक श्री लारिया ने विधानसभा के तीनों प्रमुख मंडलों—मकरोनिया ग्रामीण, सागर ग्रामीण और सदर मंडल—की मैराथन बैठकें लीं। इन बैठकों के माध्यम से न केवल व्यवस्थाओं का खाका खींचा गया, बल्कि कार्यकर्ताओं में एक नई ऊर्जा और संकल्प का संचार भी किया गया।
रजाखेड़ी बजरिया स्थित विधायक कार्यालय में आयोजित मकरोनिया ग्रामीण एवं सागर ग्रामीण मंडल की संयुक्त बैठक में कार्यकर्ताओं का सैलाब उमड़ पड़ा। इसके पश्चात सदर मंडल की बैठक सिद्धेश्वर मंदिर के पवित्र प्रांगण में संपन्न हुई, जहाँ भक्ति और शक्ति के अनूठे संगम के बीच भावी रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठकों को संबोधित करते हुए विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने ओजस्वी और प्रेरक उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का नरयावली आगमन क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयां प्रदान करने वाला मील का पत्थर साबित होगा। श्री लारिया ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता स्वयं को मुख्यमंत्री का प्रतिनिधि मानकर इस आयोजन को सफल बनाने में जुट जाए, क्योंकि यह केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि समूचे क्षेत्र के गौरव और सम्मान का पर्व है।
इन महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठकों में मंडल अध्यक्ष सौरभ केशरवानी, अशोक सिंह पड़रिया और अरविन्द घोसी सहित तीनों मंडलों के ज्येष्ठ-श्रेष्ठ पदाधिकारियों ने अपनी गरिमामय उपस्थिति दर्ज कराई। इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं और मातृशक्ति के चेहरे पर मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर एक विशेष उत्साह और चमक दिखाई दी। विधायक श्री लारिया ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक बूथ और घर-घर जाकर नागरिकों को मुख्यमंत्री के आगमन का निमंत्रण दें, ताकि जन-जन का आशीर्वाद इस ऐतिहासिक अवसर को और अधिक भव्य बना सके।
विधायक लारिया के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं की सक्रियता ने यह स्पष्ट कर दिया है कि मुख्यमंत्री का यह दौरा संगठन की एकजुटता और क्षेत्र के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का परिचायक होगा। बैठकों के समापन पर कार्यकर्ताओं ने गगनभेदी नारों के साथ मुख्यमंत्री के भव्य स्वागत का संकल्प लिया, जिससे समूचा वातावरण ऊर्जावान और उत्साहपूर्ण हो गया।











