सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं साइबर सुरक्षा हेतु सागर पुलिस का आर्मी पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम

थाना यातायात, जिला सागर
दिनांक: 16/04/2026

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं साइबर सुरक्षा हेतु सागर पुलिस का आर्मी पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम

सागर, दिनांक 16 अप्रैल 2026
पुलिस अधीक्षक सागर  विकाश कुमार शाहवाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर  लोकेश कुमार सिन्हा के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में सागर पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं साइबर सुरक्षा के संबंध में आर्मी पब्लिक स्कूल, शंकरगढ़ में एक प्रभावी जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी यातायात  मोहन सिंह ठाकुर एवं उनकी टीम द्वारा “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” विषय पर छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को विस्तार से जानकारी दी गई। वर्ष 2025 में जिला सागर में हुई सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 570 लोगों की मृत्यु होने का उल्लेख करते हुए इसे अत्यंत चिंताजनक बताया गया तथा सभी को यातायात नियमों के प्रति सजग रहने की अपील की गई।
छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से निम्न बिंदुओं पर समझाइश दी गई—
दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट का उपयोग करें
वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें
तेज गति एवं लापरवाही से वाहन न चलाएं
नशे की अवस्था में वाहन संचालन से बचें
चौराहों एवं तिराहों पर ट्रैफिक सिग्नल एवं संकेतकों का पालन करें
साथ ही सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की “गोल्डन ऑवर” में सहायता कर उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाने हेतु प्रेरित करते हुए मानवीय दायित्व निभाने का संदेश दिया गया।
साइबर सुरक्षा पर विशेष प्रशिक्षण
कार्यक्रम में साइबर सेल सागर में पदस्थ कुलदीप ठाकुर द्वारा साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि—
ईमेल, सोशल मीडिया, ई-वॉलेट एवं नेट बैंकिंग के लिए मजबूत एवं सुरक्षित पासवर्ड का उपयोग करें
किसी भी संदिग्ध लिंक, मोबाइल एप या सॉफ्टवेयर का उपयोग करने से पूर्व सतर्कता बरतें
फेसबुक, इंस्टाग्राम, जीमेल जैसी वेबसाइट्स के समान दिखने वाले फर्जी यूआरएल की जांच अवश्य करें
टेलीग्राम एवं अन्य प्लेटफॉर्म पर शेयर बाजार एवं क्रिप्टो करेंसी के लुभावने ऑफर्स से सतर्क रहें
डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से बचने के उपाय अपनाएं
कार्यक्रम में आर्मी पब्लिक स्कूल की प्राचार्य श्रीमती ज्योति दुबे, सीनियर टीचर श्री राजेंद्र गौतम एवं काउंसलिंग टीचर श्रीमती नेहा मिश्रा की गरिमामय उपस्थिति रही।

सागर पुलिस का उद्देश्य है कि जन-जागरूकता के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जाए एवं आमजन को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखा जाए।

Leave a Comment

Read More