
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला से विधायक शैलेंद्र कुमार जैन की मुलाकात, सागर में फिजियोथैरेपिस्ट पदस्थापना, कैंसर अस्पताल व कैथ लैब शुरू करने की उठाई मांग
सागर। विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने मध्य प्रदेश शासन के यशस्वी उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला से सौजन्य भेंट कर सागर जिला चिकित्सालय में फिजियोथैरेपिस्ट की पदस्थापना का विषय प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत चल रही नियमितीकरण प्रक्रिया में सागर को विकल्प न दिए जाने के कारण जिले में इस महत्वपूर्ण सेवा का अभाव बना हुआ है, जिसे शीघ्र दूर किया जाना आवश्यक है।
इसके साथ ही विधायक जैन ने सागर में लगभग 80 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित कैंसर अस्पताल की शीघ्र स्वीकृति के लिए माननीय मुख्यमंत्री से चर्चा कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल के स्थापित होने से बुंदेलखंड क्षेत्र के कैंसर मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
विधायक जैन ने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशलिटी सेवाओं के अंतर्गत हृदय रोगियों के उपचार हेतु कैथ लैब जल्द प्रारंभ किए जाने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि कैथ लैब शुरू होने से गंभीर हृदय रोगियों को समय पर इलाज मिल सकेगा और बाहर बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता कम होगी।
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने सभी विषयों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है और सागर सहित पूरे क्षेत्र में बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।











