
मध्यप्रदेश के सागर शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक बड़ी घटना सामने आई है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पॉश माने जाने वाले चौपाटी इलाके में देर रात कटरबाजों के एक समूह ने जमकर उत्पात मचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आधा दर्जन से अधिक बदमाश अचानक इलाके में पहुंचे और दुकानों को निशाना बनाते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान कई दुकानों के काउंटर तोड़ दिए गए, वहीं सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया गया।
हैरानी की बात यह रही कि बदमाशों ने वहां मौजूद ग्राहकों के साथ भी मारपीट की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जो अब पुलिस जांच का अहम हिस्सा बन चुकी है।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश तेज कर दी गई है।
बड़ा सवाल: शहर के पॉश इलाके में इस तरह की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर कब तक खुलेआम गुंडागर्दी का यह खेल चलता रहेगा?
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।











