
थाना मोतीनगर, जिला सागर
दिनांक 21/04/26
असामाजिक तत्व एवं नाबालिग से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी गिरफ्तार, दोनों को भेजा गया जेल
सागर, दिनांक 21 अप्रैल 2026
थाना मोतीनगर पुलिस द्वारा दो अलग-अलग गंभीर मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया।
प्रकरण-1: पशु के साथ क्रूरता एवं अशोभनीय कृत्य करने वाला आरोपी गिरफ्तार
दिनांक 21.04.2026 को फरियादिया (उम्र 45 वर्ष), निवासी आनंद नगर मकरोनिया, द्वारा थाना मोतीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। फरियादिया, जो पशु कल्याण सागर में डायरेक्टर पद पर पदस्थ हैं, ने बताया कि दिनांक 15.04.2026 की रात्रि लगभग 01:00 से 01:30 बजे के बीच शास्त्री वार्ड क्षेत्र में आरोपी गुल्लू उर्फ गोलू अहिरवार द्वारा एक मादा कुतिया के साथ सार्वजनिक स्थान पर क्रूरता एवं अशोभनीय हरकतें की गईं तथा उसे मारपीट कर प्रताड़ित किया गया।
उक्त रिपोर्ट पर थाना मोतीनगर में अपराध क्रमांक 428/2026 धारा 296(ए) बीएनएस एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर धारा 170 बीएनएसएस के तहत न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेजा गया।
प्रकरण-2: नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार
दिनांक 19.04.2026 को एक महिला फरियादिया द्वारा थाना मोतीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनकी 11 वर्षीय नाबालिग शाम करीब 06:30 बजे मंदिर गई थी, जहां आरोपी बृजमोहन पटेल द्वारा उसका हाथ पकड़कर बुरी नियत से छेड़छाड़ की गई एवं अश्लील हरकतें की गईं। बच्ची के परिजन के मौके पर पहुंचने पर आरोपी ने पत्थर से हमला करने का प्रयास किया तथा जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।
उक्त रिपोर्ट पर थाना मोतीनगर में अपराध क्रमांक 422/2026 धारा 74, 351(3) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजा गया।
सराहनीय भूमिका
उक्त दोनों मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, उप निरीक्षक सत्यभामा, प्रधान आरक्षक अशोक, नदीम शेख एवं आरक्षक सोमवीर की सराहनीय भूमिका रही।
सागर पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।











