
राज्य वित्त आयोग की बैठक: विधायक प्रदीप लारिया ने पंचायतों की आय बढ़ाने और जल योजनाओं को पूर्ण करने पर दिया जोर
सागर | सर्किट हाउस, सागर में आज ‘छठवें राज्य वित्त आयोग’ की संभाग स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में स्थानीय निकायों के वित्तीय सुदृढ़ीकरण और विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने सम्मिलित होकर क्षेत्र के विकास और पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने हेतु महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
विधायक लारिया ने मुख्य रूप से पंचायतों की आय के स्रोतों को विकसित करने और लंबित जल प्रदाय योजनाओं को समय पर पूर्ण करने का मुद्दा प्रभावी ढंग से उठाया। उनके द्वारा दिए गए प्रमुख सुझाव निम्नलिखित हैं:
राजस्व का पंचायतों को हस्तांतरण: लारिया ने सुझाव दिया कि जिन ग्राम पंचायतों में आवासीय प्लॉटों का विक्रय हो रहा है या अन्य व्यावसायिक गतिविधियाँ संचालित हैं, वहां से प्राप्त होने वाले राजस्व और आय का हिस्सा सीधे संबंधित ग्राम पंचायत को प्रदान किया जाना चाहिए। इससे पंचायतें आर्थिक रूप से सशक्त होंगी।
व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण: विधायक ने मांग की कि जिन ग्राम पंचायतों, नगर पंचायतों या नगर पालिकाओं में शासकीय अथवा नजूल भूमि उपलब्ध है, वहां व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स बनाने की अनुमति दी जाए। इससे स्थानीय निकायों के लिए स्थायी आय के साधन निर्मित हो सकेंगे।
नल-जल योजनाओं का समयबद्ध हस्तांतरण: समूह जल योजना एवं नल-जल योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि विभाग इन कार्यों को शीघ्र पूर्ण करे। उन्होंने जोर दिया कि कार्य पूर्ण होने के पश्चात ही योजना का आधिपत्य ग्राम पंचायतों को सौंपा जाए, ताकि ग्रामीणों को सुचारू जल आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
आयोग द्वारा इन सुझावों को गंभीरता से लेते हुए आगामी वित्तीय अनुशंसाओं में शामिल करने का आश्वासन दिया गया है।
बैठक में सागर सांसद डॉ लता वानखेड़े, सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, बंडा विधायक वीरेन्द्र सिंह, महापौर संगीता तिवारी,जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत,नपा अध्यक्ष मिहीलाल सहित संभाग के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, कमिश्नर सागर संभाग एवं अन्य जन प्रतिनिधि उपस्थित रहे।











