
सागर/ स्थानीय शासकीय कला एवं वाणिज्य (नोडल) महाविद्यालय में आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। उच्च शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों के पालन में आयोजित इस बैठक में छात्र सुविधाओं और पारदर्शी प्रवेश प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता प्राचार्य डा सरोज गुप्ता द्वारा की गई।
शासकीय कला एवं वाणिज्य अग्रणी महाविद्यालय में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश रणनीति तैयार
प्रवेश समितियों का होगा विस्तार
बैठक के प्रारंभ में प्रवेश प्रभारी डॉ. विनय कुमार शर्मा ने विभाग द्वारा प्राप्त संदर्भित पत्रों और नवीन निर्देशों की जानकारी साझा की। इसी क्रम में डॉ. सुनील साहू (सहायक प्राध्यापक) ने प्रवेश समिति एवं अन्य सहायक समितियों के विस्तार का प्रस्ताव रखा। मीटिंग में चर्चा कर इन समितियों का पुनर्गठन किया जाएगा, ताकि कार्यभार का उचित वितरण हो सके।
सूचना पटल और हेल्प डेस्क पर जोर
विद्यार्थियों को प्रवेश संबंधी जानकारी प्राप्त करने में कोई असुविधा न हो, इसके लिए डॉ. संगीता मुखर्जी ने हेल्प डेस्क के साथ-साथ सूचना पटल (Notice Board) की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने का सुझाव दिया। इससे नवागत छात्रों को महाविद्यालय परिसर में ही त्वरित और सटीक जानकारी मिल सकेगी।
मानसिक स्वास्थ्य और काउंसलिंग को प्राथमिकता
विद्यार्थियों के सर्वांगीण हित को ध्यान में रखते हुए डॉ. रेणु सोलंकी ने प्रवेश के दौरान छात्र काउंसलिंग पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रवेश के समय छात्रों की मानसिक स्थिति और उनकी रुचि को समझते हुए उन्हें सही मार्गदर्शन दिया जाना आवश्यक है, जिससे वे अपनी क्षमता अनुसार विषयों का चयन कर सकें।
विशेषज्ञ समितियों का गठन
अग्रणी महाविद्यालय होने के नाते, नियमों के पूर्ण परिपालन हेतु ‘विषय विशेषज्ञ समितियों’ के गठन का भी निर्णय लिया गया। बैठक के अंत में प्राचार्य की अनुमति से डॉ. विनय कुमार शर्मा ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।











