
विधायक शैलेंद्र कुमार जैन एवं निगम अध्यक्ष ने इंद्रानगर वार्ड में 1.5 करोड़ के विकास कार्यों का किया शिलान्यास, आधुनिक मंगल भवन व स्पोर्ट्स सेंटर बनेंगा
सागर। विधायक शैलेंद्र कुमार जैन एवं नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने इंद्रानगर वार्ड में लगभग 1.5 करोड़ रुपए की लागत के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इस अंतर्गत 1.25 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक मंगल भवन एवं 25 लाख रुपए की लागत से स्पोर्ट्स सेंटर का निर्माण किया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि सागर की विकास यात्रा निरंतर जारी है और यह अंतिम लक्ष्य नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने बताया कि पूर्व में सभी वार्डों में 38-38 लाख रुपए की लागत से मंगल भवन बनाए गए हैं और अब शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 1.25 करोड़ रुपए की लागत से 7 आधुनिक मंगल भवनों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही 10 अलग-अलग स्थानों पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और पार्क विकसित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इंद्रानगर में बनने वाला यह आधुनिक मंगल भवन लगभग 3500 वर्गफीट भूतल एवं 3500 वर्गफीट प्रथम तल सहित कुल 7000 वर्गफीट क्षेत्र में निर्मित होगा, जिससे सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के लिए एक उत्कृष्ट सुविधा उपलब्ध होगी। विधायक जैन ने कहा कि उनका प्रयास है कि जनसहयोग से सागर नगर को महानगर का स्वरूप दिया जा सके।
नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने अपने संबोधन में कहा कि विधायक श्री शैलेंद्र कुमार जैन ने विकास की नई परिभाषा स्थापित की है। उन्होंने शहर की आवश्यकताओं को समझते हुए कई ऐसे कार्य कराए हैं, जिनकी मांग तक नहीं उठी थी, फिर भी क्षेत्रवासियों को उनका लाभ मिला।
कार्यक्रम में पार्षद रीतेश तिवारी ने स्वागत भाषण दिया, संचालन राहुल अश्विनी तिवारी ने किया एवं आभार कारू बलेजा ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अमित बैसाखिया, पंडित चंद्रभूषण प्यासी शास्त्री, किशन अग्रवाल, रामकुमार दुबे, बलराम दुबे, कैलाश तिवारी, कमल तिवारी, मुकेश चौरसिया, संजय राय, विकास उपाध्याय, ओमप्रकाश सोनी, वंशीधर अग्रवाल, नीरज तिवारी, रमेश पाठक, अंशुल हर्षे, संजय अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, रामकृष्ण तिवारी सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं नागरिक उपस्थित रहे।











