
सागर में हिट एंड रन का कहर: तेज रफ्तार XUV ने मचाई तबाही, किसान की मौत।
सागर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है, जहां एक हिट एंड रन हादसे में एक किसान की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
घटना राजघाट रोड स्थित बीडी अस्पताल के पास रात करीब 11:30 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काले रंग की महिंद्रा XUV, नंबर MP15 ZB 6920, तेज रफ्तार में बेकाबू होकर सड़क पर दौड़ रही थी।
कार चालक ने पहले एक बाइक सवार को टक्कर मारी, इसके बाद अनियंत्रित होकर एक ऑटो रिक्शा से जा टकराई, जिससे ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। लेकिन हादसा यहीं नहीं रुका—कार ने आगे बढ़ते हुए दूसरी बाइक को भी जोरदार टक्कर मार दी।
इस भीषण हादसे में कटंगी निवासी 50 वर्षीय रामस्वरूप दीक्षित की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके साथ सवार शिवराज गौड़ गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज बीएमसी अस्पताल में जारी है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों करीब 50 फीट दूर जा गिरे।
हादसे के बाद चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि कार करीब 500 मीटर आगे जाकर एक कच्चे मकान से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक नशे में नजर आ रहा था।
फिलहाल मोती नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।











