
सवा करोड़ की लागत से सिविल लाइन वार्ड में बनेगा आधुनिक मंगल भवन एवं जेल के बंदियों द्वारा निर्मित सामग्री के विक्रय हेतु भवन एवं टीन शेड, विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने किया स्थल निरीक्षण
सागर।शहर में जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक श्री शैलेंद्र कुमार जैन ने गोपालगंज स्थित सिविल लाइन वार्ड में प्रस्तावित आधुनिक मंगल भवन एवं जेल में बंद कैदियों द्वारा निर्मित सामग्री के प्रदर्शन एवं विक्रय हेतु हाल तथा उनके प्रशिक्षण के लिए टीन शेड निर्माण के लिए स्थल निरीक्षण किया। इस अवसर पर जेल अधीक्षक श्री मानवेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
विधायक जैन ने बताया कि लगभग सवा करोड़ रुपए की लागत से यहां पर आधुनिक मंगल भवन का निर्माण किया जाएगा, यह भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा, जिससे सामाजिक, धार्मिक एवं अन्य कार्यक्रमों के आयोजन के लिए क्षेत्रवासियों को एक सुलभ और व्यवस्थित स्थान प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों के बाद इस निर्माण को स्वीकृति मिली है। इस मंगल भवन के बनने से आसपास के चार से पांच वार्डों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। यह सुविधा बड़े मैरिज गार्डन और होटलों के मुकाबले कम शुल्क पर उपलब्ध होगी, जिससे समाज का गरीब से गरीब वर्ग भी अपने सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रम सम्मानपूर्वक आयोजित कर सकेगा।
इसके साथ ही जेल में बंद कैदियों द्वारा निर्मित उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय के लिए विशेष हाल तथा प्रशिक्षण हेतु टीन शेड का निर्माण किया जाएगा, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रोत्साहन मिलेगा।
इस अवसर पर पार्षद बसीम खान, अमर कुमार जैन, चन्द्रप्रकाश पांडे, प्रकाश यादव, महेश जैन, सुरेन्द्र पंडा, कमल घारू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।











