
गोपालगंज मुक्तिधाम में संकल्प फाउंडेशन का व्यापक स्वच्छता अभियान
अध्यक्ष रिशांक तिवारी की अगुवाई में युवाओं ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी
सागर । समाज में स्वच्छता और जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से संकल्प फाउंडेशन द्वारा गोपालगंज स्थित मुक्तिधाम परिसर में एक व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। संस्था के अध्यक्ष रिशांक तिवारी की अगुवाई में आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और श्रमदान करते हुए पूरे परिसर की साफ-सफाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते कुछ दिनों से मुक्तिधाम परिसर में फैली गंदगी को लेकर स्थानीय स्तर पर लगातार असंतोष की स्थिति बनी हुई थी। अंतिम संस्कार जैसे अत्यंत संवेदनशील कार्य के लिए आने वाले लोगों को गंदगी और अव्यवस्था के कारण भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा था। इसी संबंध में स्थानीय लोगों द्वारा संकल्प फाउंडेशन को इसकी सूचना दी गई तथा समस्या के समाधान हेतु सहयोग की बात रखी गई।
इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए संकल्प फाउंडेशन ने इसे अपनी सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार किया और त्वरित पहल करते हुए स्वच्छता अभियान का आयोजन किया। अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुक्तिधाम परिसर में फैले कचरे को हटाया, झाड़ू लगाकर व्यापक सफाई कर परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित स्वरूप देने का प्रयास किया।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष रिशांक तिवारी ने कहा “मुक्तिधाम केवल एक स्थान नहीं बल्कि हमारे सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन का अत्यंत संवेदनशील हिस्सा है। यहां की स्वच्छता और व्यवस्था बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। केवल प्रशासन के भरोसे रहना पर्याप्त नहीं है । जब तक समाज स्वयं जागरूक होकर आगे नहीं आएगा तब तक स्थायी समाधान संभव नहीं हो सकता।”
अभियान के दौरान उपस्थित युवाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने इसे एक सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज को एक नई दिशा देने का कार्य करते हैं और युवाओं को सामाजिक कार्यों के प्रति प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर शुभम नामदेव, गणेश सेन, नीरज करोसिया, विशाल तोमर, शुभम पहलवान, स्वराज उपाध्याय, मोनू लारिया, कार्तिक जाटव, कमलेन्द्र जाटव, हिमांशु साहू, लव कुमार, राजा जाटव एवं ध्रुव मिश्रा सहित अन्य कार्यकर्ता, सफाई मित्र एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।











