
हत्या का प्रयास करने वाले एवं दहशत फैलाने वाले आरोपी गिरफ्तार, थाना कैंट पुलिस की बड़ी कार्रवाई
सागर। थाना कैंट पुलिस ने हत्या के प्रयास और क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फरियादी अभिषेक जादव निवासी गुरुगोविंद सिंह वार्ड, थाना कैंट सागर की रिपोर्ट पर आरोपी राजा अहिरवार, अमन अहिरवार, अनुज जैन और विक्रम बाल्मीकि के खिलाफ हत्या के प्रयास एवं मारपीट का मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि सभी आरोपियों ने फरियादी के साथ मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सागर के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना स्तर पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने लगातार दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इसके अलावा घटना के बाद रेलवे स्टेशन क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले ऋषि सेन निवासी भूतेश्वर फाठक हम भगत सिंह वार्ड थाना मोतीनगर को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर कार्रवाई की है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कैंट रोहित डोंगरे सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।










