
महिला से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार
सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में विधवा महिला से दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और धमकी देने के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देश पर महिला संबंधी अपराधों में सख्त कार्रवाई अभियान के तहत यह सफलता मिली। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव उइके एवं नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के निर्देशन में थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को हिरासत में लिया।
रिश्तेदारी का फायदा उठाकर बनाया विश्वास
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पति के निधन के बाद वह अपने बच्चों के साथ रह रही थी। इसी दौरान बाघराज वार्ड निवासी आरोपी रविकांत शर्मा ने रिश्तेदारी का हवाला देकर संपर्क बढ़ाया और घर आना-जाना शुरू कर दिया।
आरोप है कि आरोपी ने विवाह का झांसा देकर महिला का विश्वास जीता और कई बार शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान उसने आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिए।
वीडियो वायरल करने की धमकी
पीड़िता के अनुसार पिछले एक माह से आरोपी विवाह से इंकार कर वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई तथा उसे और उसके पुत्र को जान से मारने की धमकी दी गई। महिला ने आरोपी पर अन्य महिलाओं से भी अनुचित संबंध रखने और उसकी पुत्री पर गलत नजर रखने के आरोप लगाए हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मोतीनगर में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रविकांत शर्मा पिता एन.पी. शर्मा, निवासी बाघराज आवासीय कॉलोनी, थाना मोतीनगर को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक ज्योति राजपूत, उपनिरीक्षक पी.डी. ठाकुर, प्रधान आरक्षक दिनेश यादव, राजेश लोधी, नदीम शेख सहित आरक्षक विनीत, अखिलेश और अंचल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











