कोलुआ खरीदी केन्द्र के ऑपरेटर की मौत का मामला: पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने अपर कलेक्टर से की चर्चा, निष्पक्ष जांच की मांग

कोलुआ खरीदी केन्द्र के ऑपरेटर की मौत का मामला: पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने अपर कलेक्टर से की चर्चा, निष्पक्ष जांच की मांग
सागर। नरयावली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत गेहूं खरीदी केंद्र कोलुआ में कार्यरत ऑपरेटर की करंट लगने से हुई मौत के मामले को गंभीरता से लेते हुए मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने अपर कलेक्टर अविनाश रावत से दूरभाष पर चर्चा कर पूरे घटनाक्रम की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार उक्त खरीदी केंद्र का संचालन बालाजी महिला स्व-सहायता समूह द्वारा किया जा रहा है। विगत 4 मई की शाम केंद्र पर कार्यरत ऑपरेटर नितिन पिता नन्हें भाई राजपूत, निवासी खेजरा माफी सुरखी की करंट लगने से दुखद मृत्यु हो गई थी।
पूर्व मंत्री श्री चौधरी ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने कहा कि यह घटना प्रथम दृष्टया प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम प्रतीत होती है, जिसकी गहन जांच आवश्यक है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि घटना स्थल पर सुरक्षा मानकों, विद्युत व्यवस्था एवं कार्य परिस्थितियों की विस्तृत जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
श्री चौधरी ने मृतक के परिवार को उचित आर्थिक सहायता एवं मुआवजा तत्काल प्रदान करने तथा परिवार के एक सदस्य को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग भी की है।
पूर्व मंत्री श्री चौधरी ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अमला इस मामले को दबाने का प्रयास कर रहा है तथा जिम्मेदार अधिकारी स्पष्ट जानकारी देने से बच रहे हैं, जो अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस पार्टी चुप नहीं बैठेगी।
इस पर अपर कलेक्टर अविनाश रावत ने आश्वस्त किया कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी, दोषियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी तथा नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Comment

Read More