
शाहपुर में कथित कलारी माफिया का आतंक, दूसरी मौत के बाद बढ़ा आक्रोश
नीरज के बाद सूरज ने भी तोड़ा दम, चौकी प्रभारी लाइन अटैच
सागर। जिले के शाहपुर क्षेत्र में कथित कलारी माफिया के आतंक को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। नीरज प्रजापति की मौत के बाद अब घायल सूरज अहिरवार ने भी दम तोड़ दिया है। दूसरी मौत के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार 9 मई को सूरज अहिरवार और नीरज प्रजापति पुताई का सामान लेने गढ़ाकोटा गए थे। देर रात दोनों जब वापस शाहपुर लौट रहे थे, तभी रास्ते में 10 से 12 लोगों ने उन्हें रोककर बेरहमी से मारपीट की। परिजनों का आरोप है कि हमलावर कथित कलारी माफिया से जुड़े हुए थे।
बताया जा रहा है कि घटना स्थल पर ही नीरज प्रजापति की मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल सूरज अहिरवार को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान सूरज ने भी दम तोड़ दिया।
परिजनों का कहना है कि पुलिस शुरुआत में मामले को सड़क दुर्घटना बताने का प्रयास कर रही थी, जबकि सूरज अहिरवार ने होश में आने पर खुद चौकी प्रभारी को बताया था कि यह हादसा नहीं बल्कि मारपीट की घटना है।
घटना की जानकारी मिलते ही भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। आजाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर घुरेटा ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मृतकों के परिजनों ने प्रशासन से परिवार के दो सदस्यों को शासकीय नौकरी और 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
मामले में तीन अन्य नाम सामने आने की भी जानकारी मिली है। वहीं बढ़ते जनआक्रोश के बीच संबंधित चौकी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।











