एनसीसी गर्ल्स कैडेट्स को यातायात पुलिस ने दिया सड़क सुरक्षा का प्रशिक्षण, 400 कैडेट्स ने लिया नियम पालन का संकल्प

एनसीसी गर्ल्स कैडेट्स को यातायात पुलिस ने दिया सड़क सुरक्षा का प्रशिक्षण, 400 कैडेट्स ने लिया नियम पालन का संकल्प
सागर। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सागर यातायात पुलिस द्वारा “सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा” अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। एनसीसी गर्ल्स कैडेट्स के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 400 कैडेट्स को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संजीव उइके एवं लोकेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक यातायात के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी यातायात मोहन सिंह ठाकुर एवं यातायात पुलिस स्टाफ ने कैडेट्स को सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि वर्ष 2025 में जिला सागर में सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 570 लोगों की मौत हुई, जो गंभीर चिंता का विषय है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर बड़ी संख्या में दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है और बहुमूल्य जीवन बचाए जा सकते हैं।
कैडेट्स को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, तेज रफ्तार एवं लापरवाही से वाहन न चलाने तथा नशे की हालत में वाहन संचालन से बचने की समझाइश दी गई। साथ ही रेड लाइट का पालन करने और यातायात संकेतकों को समझकर नियमों के अनुसार वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद और उन्हें गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। अधिकारियों ने बताया कि समय पर उपचार मिलने से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है।
इस अवसर पर एनसीसी गर्ल्स बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर सुजीत देशमुख की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में सभी एनसीसी कैडेट्स ने यातायात नियमों का पालन करने और समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

Leave a Comment

Read More