
सागर में शादी से पहले हाई वोल्टेज ड्रामा: प्रेमिका पहुंची मंडप, वरमाला से पहले रुकी शादी
सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र स्थित कन्हैया वाटिका मैरिज गार्डन में उस समय हड़कंप मच गया, जब शादी समारोह के बीच एक युवती ने पहुंचकर दूल्हे पर धोखा देने और दूसरी शादी करने का आरोप लगा दिया। युवती के हंगामे के बाद मंडप में चल रही शादी रोक दी गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ।
बताया जा रहा है कि वरमाला की रस्म से ठीक पहले युवती ने दूल्हे की कथित प्रेमिका होने का दावा करते हुए कहा कि युवक पहले से उसके साथ रिश्ते में था और बिना बताए दूसरी शादी कर रहा है। मामला बढ़ने पर दुल्हन पक्ष ने भी नाराजगी जताई और तिलक में दिए गए गहने व नकदी वापस करने की मांग कर दी।
घटना के बाद दुल्हन पक्ष के लोग बस भरकर शिकायत लेकर मोतीनगर थाने पहुंचे। वहीं शादी समारोह पूरी तरह से रुक गया और बैंड, बाजा व घोड़ी भी बिना दूल्हे के वापस लौट गए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।











