कर्नाटक के बाद मध्यप्रदेश बना दूसरा राज्य, इंदौर में शुरू हुआ अत्याधुनिक पुलिस ड्रोन ट्रेनिंग सेंटर

कर्नाटक के बाद मध्यप्रदेश बना दूसरा राज्य, इंदौर में शुरू हुआ अत्याधुनिक पुलिस ड्रोन ट्रेनिंग सेंटर


सागर ज़ोन की पुलिस को भी मिलेगा हाईटेक ड्रोन प्रशिक्षण, कानून व्यवस्था से लेकर आपदा राहत तक बढ़ेगी क्षमता
मध्यप्रदेश पुलिस ने तकनीक आधारित स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए इंदौर में प्रदेश का पहला और देश का दूसरा अत्याधुनिक ड्रोन ट्रेनिंग सेंटर शुरू किया है। “पुलिस एरियल सिस्टम्स एण्ड टेक्नोलॉजी सेंटर” (PASTEC) का शुभारंभ पुलिस रेडियो ट्रेनिंग स्कूल (PRTS) परिसर में विशेष पुलिस महानिदेशक (दूरसंचार) संजीव शमी भापुसे ने किया।
कर्नाटक के बाद अब मध्यप्रदेश ऐसा दूसरा राज्य बन गया है, जहां पुलिस विभाग द्वारा इस स्तर का आधुनिक ड्रोन प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया गया है। इस पहल को भविष्य की टेक्नोलॉजी आधारित पुलिसिंग की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
कार्यक्रम में PRTS इंदौर के निदेशक एवं उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि देश के विभिन्न ड्रोन प्रशिक्षण संस्थानों का अध्ययन करने के बाद यहां आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, एडवांस प्रशिक्षण सामग्री और कई प्रकार के ड्रोन स्थापित किए गए हैं।
मुख्य अतिथि संजीव शमी भापुसे ने कहा कि आने वाले समय में ड्रोन तकनीक कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, आपदा राहत, निगरानी और संवेदनशील अभियानों में बेहद उपयोगी साबित होगी। उन्होंने पुलिस विभाग के डेटा की सुरक्षा के लिए विभागीय सर्वर और सेटेलाइट कम्युनिकेशन सिस्टम की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
इस ट्रेनिंग सेंटर का लाभ पूरे प्रदेश की पुलिस इकाइयों को मिलेगा। विशेष रूप से सागर जिले और सागर ज़ोन की पुलिस को आधुनिक ड्रोन तकनीक और निगरानी प्रणाली का प्रशिक्षण मिलने से अपराध नियंत्रण और आपात परिस्थितियों में पुलिस की कार्यक्षमता और मजबूत होगी।
कार्यक्रम में देवी अहिल्या बाई विश्वविद्यालय के कुलगुरु राकेश सिंघई, रजिस्ट्रार प्रज्जवल खरे सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Read More