दुर्गम रास्ते, तेज धूप और अटूट हौसला: महिला शिक्षक ने 5 दिन में पूरा किया 3 किमी क्षेत्र का जनगणना कार्य

दुर्गम रास्ते, तेज धूप और अटूट हौसला: महिला शिक्षक ने 5 दिन में पूरा किया 3 किमी क्षेत्र का जनगणना कार्य
सागर। राष्ट्रीय जनगणना महाअभियान में एक महिला शिक्षक ने अपने समर्पण और साहस से नारी शक्ति की मिसाल पेश की है। सागर ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम चितौरा के दुर्गम बाला क्षेत्र में प्रगणक एवं माध्यमिक शिक्षक श्रीमती कृष्णा साहू ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद मात्र 5 दिनों में लगभग 3 किलोमीटर परिक्षेत्र की HLB (हाउस लिस्टिंग एवं मकान गणना) का कार्य पूर्ण कर दिखाया।
यह कार्य कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी प्रतिभा पाल के निर्देश और मार्गदर्शन में किया जा रहा है। श्रीमती कृष्णा साहू को चितौरा क्षेत्र की सबसे बड़ी HLB सौंपी गई थी, जिसमें दूर-दराज खेतों के बीच बने मकानों तक पहुंचना भी बड़ी चुनौती थी।
उन्होंने बताया कि लगभग 2 किलोमीटर क्षेत्र ऐसा था जहां समुचित रास्ते तक उपलब्ध नहीं थे। कई स्थानों पर कांटेदार चारदीवारी पार कर खेतों के बीच बने मकानों तक पहुंचना पड़ा। तेज धूप और कठिन रास्तों के बावजूद उन्होंने हर घर तक पहुंचकर पूरी जिम्मेदारी के साथ मकान गणना का कार्य पूरा किया।
श्रीमती कृष्णा साहू ने इस सफलता का श्रेय तहसीलदार एवं चार्ज अधिकारी राहुल गौड़, सुपरवाइजर पटवारी दीपक यादव, शिक्षक इमरत साहू, स्काउट-गाइड विद्यार्थियों, ग्राम पंचायत सरपंच ममता रानी, सचिव अश्वनी तिवारी और कोटवार सुनीता चढ़ार के सहयोग को दिया।
उन्होंने कहा कि कार्य कठिन जरूर था, लेकिन राष्ट्रीय दायित्व के प्रति विश्वास, संकल्प और समर्पण की भावना ने इसे संभव बना दिया।

Leave a Comment

Read More