सड़क हादसे में घायल शिक्षकों के लिए देवदूत बनी डायल-112, समय पर पहुंचाकर बचाई जान

सड़क हादसे में घायल शिक्षकों के लिए देवदूत बनी डायल-112, समय पर पहुंचाकर बचाई जान
सागर/बंडा। जिले में डायल-112 सेवा एक बार फिर आपात स्थिति में लोगों के लिए जीवनरक्षक साबित हुई। क्वायल ब्रिज के पास हुए सड़क हादसे में पुलिस कंट्रोल रूम की त्वरित कार्रवाई और एफआरबी स्टाफ की तत्परता से घायल शिक्षकों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उपचार उपलब्ध कराया गया।
जानकारी के अनुसार, एक मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम ने तत्काल एफआरबी क्रमांक-10 को मौके के लिए रवाना किया। मौके पर पहुंची टीम को कॉलर ने बताया कि सभी लोग अपने गांव से बंडा की ओर शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, तभी हादसा हो गया।
दुर्घटना में मोटरसाइकिल चालक कमल सिंह गौड़ (39) निवासी ग्राम बमनोरा, जो पेशे से शिक्षक हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर से लेकर पैरों तक कई गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। वहीं दूसरे घायल मनोज साहू को भी चोटें आईं।
एफआरबी स्टाफ ने बिना समय गंवाए दोनों घायलों को तत्काल एफआरबी वाहन से बंडा अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू कराया गया। साथ ही पुलिस ने घायलों के परिजनों को भी तत्काल सूचना दी, जिससे वे समय पर अस्पताल पहुंच सके।
बताया गया कि दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल नई होने के कारण उसका रजिस्ट्रेशन नंबर उपलब्ध नहीं हो सका। बाद में वाहन परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।

Leave a Comment

Read More