
जन्मदिन पर सेवा का संदेश: भूपेन्द्र सिंह बोले- होर्डिंग्स नहीं, जरूरतमंदों की मदद करें
सागर। भूपेन्द्र सिंह ने अपने आगामी 20 मई के जन्मदिन को लेकर शुभचिंतकों से खास अपील की है। उन्होंने कहा है कि उनके जन्मदिन पर कहीं भी होर्डिंग्स, फ्लेक्स और बैनर न लगाए जाएं। इन पर होने वाला खर्च गरीब और जरूरतमंद परिवारों की सहायता में लगाया जाए।
पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि शुभकामनाएं देने का सबसे अच्छा तरीका मानव सेवा है। उन्होंने समर्थ और स्वस्थ लोगों से रक्तदान शिविरों में पहुंचकर रक्तदान करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों, गरीबों और असहाय लोगों की सेवा ही सच्ची मानवता है। इसी सोच के तहत उन्होंने करीब छह माह पहले स्वागत में फूल-मालाओं और गुलदस्तों के बजाय उपयोगी सामग्री देने का संकल्प लिया था।
इस पहल का असर भी देखने को मिला है। स्वागत स्वरूप मिली लगभग 50 लाख रुपये मूल्य की उपयोगी सामग्री अब तक गरीबों, विद्यार्थियों और जरूरतमंद लोगों को वितरित की जा चुकी है।











