
नीट पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का मशाल जुलूस, काले कपड़ों में दिखे कार्यकर्ता
सागर। नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण को लेकर जिला शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस कमेटी ने संयुक्त रूप से शहर में मशाल जुलूस निकाला। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान पर आयोजित यह जुलूस कोतवाली थाना क्षेत्र के चकराघाट से शुरू होकर तीन बत्ती होते हुए कटरा जामा मस्जिद पर समाप्त हुआ।
जुलूस में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता काले कपड़ों में नजर आए। कार्यकर्ताओं ने हाथों में मशाल और पोस्टर-बैनर लेकर नीट परीक्षा पेपर लीक मामले के खिलाफ नारेबाजी की।
जिला शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि नीट परीक्षा पेपर लीक देश के लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के साथ अन्याय है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना ने छात्रों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मोहासा ने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी उम्मीदों पर कुठाराघात करती हैं। उन्होंने शिक्षा माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मशाल जुलूस में पूर्व विधायक सुनील जैन, पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।











