
द्वारका गार्डन कॉलोनी में जलभराव और सुरक्षा समस्याओं को लेकर रहवासियों ने विधायक शैलेंद्र कुमार जैन को सौंपा ज्ञापन
सागर। तिली क्षेत्र स्थित द्वारका गार्डन कॉलोनी के रहवासियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। नागरिकों ने विशेष रूप से कॉलोनी में जल निकासी व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित कराया।
रहवासियों ने बताया कि वर्षा ऋतु के दौरान कॉलोनी में जलभराव की गंभीर स्थिति निर्मित हो जाती है, जिससे आम नागरिकों के साथ-साथ स्कूली छात्र-छात्राओं को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नागरिकों ने कॉलोनी में पानी की निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था एवं रास्ता बनाए जाने की मांग की।
इसके अतिरिक्त कॉलोनी के गार्डन में स्थित बड़े कुएं पर सुरक्षा जाल लगाए जाने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई। रहवासियों का कहना था कि उक्त कुएं से जल प्रदाय किया जाता है तथा वहां सुबह-शाम बच्चों का आना-जाना बना रहता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने जनहित एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शीघ्र आवश्यक कार्यवाही किए जाने की मांग की।
इस दौरान विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने नागरिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि कॉलोनी की समस्याओं के निराकरण हेतु संबंधित विभागों से चर्चा कर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाएगी।
इस अवसर पर क्षेत्र के पार्षद मनोज चौरसिया, श्री एम.के. गुप्ता, श्री बी.के. मिश्रा सहित कॉलोनी के अनेक नागरिक उपस्थित रहे।











