
12 वर्षों में 15,903 यूनिट रक्तदान का कीर्तिमान, 48 हजार से अधिक लोगों को मिला जीवनदान
जन्मदिन को बनाया मानव सेवा का महापर्व, रक्तदान को बताया “अश्वमेध यज्ञ से भी बड़ा यज्ञ”
सागर। पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने अपने जन्मदिवस को लगातार 12 वर्षों से मानव सेवा के महाअभियान में बदलते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उनके जन्मदिन पर आयोजित रक्तदान अभियान के माध्यम से अब तक कुल 15,903 यूनिट रक्त संग्रहित किया जा चुका है, जिससे लगभग 48 हजार से अधिक जरूरतमंद लोगों के प्राणों की रक्षा संभव हुई है। इस वर्ष आयोजित चार दिवसीय रक्तदान शिविर में रिकॉर्ड 2221 यूनिट रक्त संग्रहित हुआ, जिसे बुंदेलखंड के विभिन्न जिलों सहित भोपाल और विदिशा के सरकारी अस्पतालों को सौंपा गया।
होटल ग्रांड दीपाली में आयोजित “रक्तार्पण समारोह” को संबोधित करते हुए भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि रक्तदान केवल दान नहीं, बल्कि किसी व्यक्ति को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि रक्तदाता वास्तव में मानवता के सच्चे उपासक हैं और रक्तदान अश्वमेध यज्ञ से भी बड़ा यज्ञ है। उन्होंने भावुक शब्दों में कहा कि “जब किसी मरीज के शरीर में रक्त पहुंचता है और उसकी सांसें लौटती हैं, तब वही रक्त साक्षात ईश्वर का स्वरूप प्रतीत होता है।”
उन्होंने बताया कि इस अभियान का सबसे बड़ा उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा है। पहले लोग रक्तदान को लेकर भ्रम और आशंकाओं में रहते थे, लेकिन अब युवाओं, महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसके प्रति अभूतपूर्व उत्साह दिखाई दे रहा है। इस वर्ष 45 डिग्री तापमान में भी युवा 50 से 100 किलोमीटर दूर से बाइक चलाकर रक्तदान करने पहुंचे। रक्तदाताओं में लगभग 60 प्रतिशत युवा रहे, जबकि बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी भागीदारी निभाई।
मेडिकल कॉलेज में आधुनिक ब्लड बैंक की तैयारी
भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि सागर मेडिकल कॉलेज में अत्याधुनिक ब्लड बैंक स्थापित करने की दिशा में बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि जिला विकास समिति की बैठक में उठाए गए प्रस्ताव के बाद मेडिकल कॉलेज में 5 हजार से 10 हजार यूनिट क्षमता वाले आधुनिक ब्लड बैंक की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ है। वर्तमान में ब्लड बैंक की क्षमता 1000 से बढ़कर 1200 यूनिट हो चुकी है और अगले वर्ष तक इसे 5000 यूनिट तक ले जाने का लक्ष्य है। लगभग 6 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत हो चुकी है तथा आगामी दो-तीन महीनों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त ब्लड बैंक शुरू होने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि अब उनका उद्देश्य केवल सागर नहीं बल्कि पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी गरीब व्यक्ति रक्त के अभाव में परेशान न हो। इसी उद्देश्य से उनके कार्यालय में 24 घंटे संचालित “ब्लड हेल्पलाइन” भी शुरू की गई है, जिसके माध्यम से प्रतिदिन 10 से 15 जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराया जा रहा है।
फूल-मालाओं की जगह जनोपयोगी सामग्री से स्वागत
पूर्व मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने अपने जन्मदिन पर फूल-मालाओं, बुके, फ्लेक्स और होर्डिंग्स के विरोध का संकल्प दोहराते हुए कहा कि सच्चा जननेता वही होता है जो लोगों के दिलों में स्थान बनाए। उन्होंने अपने समर्थकों से अपील की थी कि उनके स्वागत में अनावश्यक खर्च न किया जाए, बल्कि जनोपयोगी सामग्री भेंट की जाए।
इस अपील का असर कार्यक्रम में साफ दिखाई दिया। शुभचिंतकों ने लगभग 5 लाख रुपए मूल्य की उपयोगी सामग्री भेंट की, जिसमें 11 कूलर, 11 व्हीलचेयर सहित अन्य सामग्री शामिल रही। भूपेन्द्र सिंह ने सभी 11 कूलर बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज को दान कर दिए। उन्होंने बताया कि पिछले सात महीनों में उन्हें लगभग 7000 कंबल प्राप्त हुए, जिन्हें गरीब परिवारों में वितरित किया गया।
अविराज सिंह ने सुनाया महिषासुरमर्दिनी स्तोत्र
कार्यक्रम की शुरुआत रुद्राक्ष धाम मंदिर में भगवान श्री राधा-कृष्ण एवं दक्षिणमुखी हनुमान जी के चित्रों तथा पं. देवप्रभाकर शास्त्री की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद युवा नेता अविराज सिंह ने आदिशंकराचार्य रचित “मां महिषासुरमर्दिनी स्तोत्रम्” का 17 मिनट तक कंठस्थ सस्वर पाठ प्रस्तुत किया। जटिल संस्कृत शब्दों के प्रभावशाली उच्चारण और प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया तथा पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
रक्तदान अभियान ने बनाया जनआंदोलन
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित वरिष्ठ विधायक बृजबिहारी पटैरिया ने कहा कि यह अभियान अब केवल रक्तदान शिविर नहीं बल्कि मानवता का जनआंदोलन बन चुका है। उन्होंने अपने निजी अनुभव साझा करते हुए कहा कि गंभीर बीमारी के दौरान जब उन्हें तत्काल रक्त की आवश्यकता पड़ी थी, तब उन्हें रक्त के महत्व का वास्तविक अहसास हुआ। उन्होंने कहा कि “धन और संसाधन उस समय बेकार हो जाते हैं जब मरीज को तत्काल रक्त चाहिए और रक्त उपलब्ध न हो।”
पूर्व विधायक महेश राय ने कहा कि भूपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र में हजारों करोड़ की विकास परियोजनाएं संभव हुईं और आज रक्तदान अभियान के माध्यम से वे मानव सेवा का भी नया अध्याय लिख रहे हैं।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की क्षेत्रीय संचालक डॉ. नीना गिडियन, उप संचालक स्वास्थ्य डॉ. आर्य तथा जिला ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. महेश जैन ने 16 से 19 मई तक आयोजित रक्तदान शिविर में संग्रहीत 2221 यूनिट रक्त विभिन्न जिला चिकित्सालयों को सौंपे जाने का प्रमाणपत्र प्रदान किया।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद राजबहादुर सिंह, पूर्व विधायक वीर सिंह पवार, महापौर प्रतिनिधि डॉ. सुशील तिवारी, टीकमगढ़ भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती सरोज सिंह, हाईकोर्ट की उपमहाधिवक्ता श्वेता यादव सहित हजारों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।











