2221 यूनिट रक्तदान का नया रिकॉर्ड, सात जिला अस्पतालों और दो मेडिकल कॉलेजों को मिला रक्त

2221 यूनिट रक्तदान का नया रिकॉर्ड, सात जिला अस्पतालों और दो मेडिकल कॉलेजों को मिला रक्त
पूर्व मंत्री  भूपेन्द्र सिंह के जन्मदिन पर आयोजित चार दिवसीय रक्तदान शिविर में टूटा पिछला रिकॉर्ड, 15,903 यूनिट रक्तदान का 12 वर्षों का आंकड़ा पार
सागर। पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक Bhupendra Singh के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित चार दिवसीय विशाल रक्तदान शिविर ने इस वर्ष नया इतिहास रच दिया। शिविर में कुल 2221 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ, जिसने गत वर्ष के 1612 यूनिट के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। अविराज सिंह के जन्मदिन पर एकत्रित रक्त को जोड़ें तो पिछले 12 वर्षों में इस अभियान के माध्यम से कुल 15,903 यूनिट रक्त सरकारी अस्पतालों को उपलब्ध कराया जा चुका है।
रक्तदान शिविर की व्यापकता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सागर जिला ब्लड बैंक में स्थान कम पड़ने पर सागर संभाग के छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना, दमोह, विदिशा और सागर जिला अस्पतालों के ब्लड बैंक के साथ-साथ भोपाल के Hamidia Hospital और Gandhi Medical College की टीमें भी होटल ग्रैंड दीपाली के सिग्नेचर हॉल पहुंचीं और बड़ी मात्रा में रक्त संग्रहित किया।
इस अवसर पर  भूपेन्द्र सिंह ने रक्त की थैलियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने मंच से जानकारी दी कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा सागर जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक को Bundelkhand Medical College को हस्तांतरित करने का आदेश जारी कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि यह ब्लड बैंक अत्याधुनिक सुविधाओं और 5000 यूनिट क्षमता के साथ विकसित किया जाएगा।
“महादान का महाकुंभ” बना रक्तदान शिविर
समापन दिवस का शुभारंभ महंत केशव गिरि महाराज, गुरुद्वारा सागर के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी गुरबचन सिंह तथा दिगंबर जैन समाज के पं. राजकुमार शास्त्री की उपस्थिति में हुआ।
महंत केशव गिरि  महाराज ने इस आयोजन को “महादान का महाकुंभ” बताते हुए कहा कि रक्तदान सीधे किसी व्यक्ति का जीवन बचाने वाला सर्वोच्च दान है। उन्होंने कहा कि श्री भूपेन्द्र सिंह ने अपने जन्मदिन को सेवा और मानवता से जोड़कर अनुकरणीय परंपरा स्थापित की है। 12 वर्ष पूर्व शुरू हुआ यह सेवा अभियान आज जनआंदोलन का रूप ले चुका है।
मुख्य ग्रंथी ज्ञानी गुरबचन सिंह ने कहा कि राजनीति और सार्वजनिक जीवन में व्यस्त रहने के बावजूद श्री भूपेन्द्र सिंह लगातार ऐसे सेवा कार्यों से जुड़े हैं जो सीधे मानव जीवन से संबंधित हैं। उन्होंने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और स्वयंसेवकों की भूमिका की भी सराहना की।
पं. राजकुमार जैन शास्त्री ने संस्कृत श्लोक “परोपकाराय वहन्ति नद्यः” का उल्लेख करते हुए कहा कि  भूपेन्द्र सिंह का जीवन समाज सेवा और मानव कल्याण के लिए समर्पित दिखाई देता है।
सात जिलों और दो मेडिकल कॉलेजों को मिला रक्त
चार दिवसीय शिविर में संग्रहित 2221 यूनिट रक्त को सागर, पन्ना, छतरपुर, दमोह, टीकमगढ़ और विदिशा जिला अस्पतालों के साथ-साथ भोपाल के हमीदिया अस्पताल एवं गांधी मेडिकल कॉलेज को सौंपा गया।
चौथे दिन:
छतरपुर जिला अस्पताल — 100 यूनिट
पन्ना जिला अस्पताल — 100 यूनिट
विदिशा जिला अस्पताल — 167 यूनिट
खुरई सिविल अस्पताल — 50 यूनिट
हमीदिया अस्पताल एवं गांधी मेडिकल कॉलेज — 275 यूनिट
तीसरे दिन:
दमोह जिला अस्पताल — 55 यूनिट
टीकमगढ़ जिला अस्पताल — 75 यूनिट
शिविर की विशेषता यह रही कि यहां एक साथ बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान कर कई जिलों की रक्त आवश्यकता पूरी करने में योगदान दिया।
बीएमसी को हस्तांतरित होगा जिला अस्पताल का ब्लड बैंक
श्री भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि जिला विकास समन्वय समिति की बैठक में उन्होंने उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री Rajendra Shukla के समक्ष ब्लड बैंक हस्तांतरण का प्रस्ताव रखा था। उन्होंने बताया कि बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में 5.75 करोड़ रुपये की लागत से 5000 यूनिट क्षमता वाला अत्याधुनिक ब्लड बैंक स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने इस निर्णय के लिए Mohan Yadav और डॉ. राजेंद्र शुक्ल का आभार व्यक्त किया।
20 मई को होगा “रक्तार्पण समारोह”
पूर्व मंत्री  भूपेन्द्र सिंह ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और आयोजन समिति के सदस्यों को 20 मई की संध्या होटल ग्रैंड दीपाली में आयोजित सहभोज, सांस्कृतिक एवं रक्तार्पण समारोह में आमंत्रित किया। उन्होंने सभी आगंतुकों से अपील की कि वे फूल-मालाएं और पुष्पगुच्छ लेकर न आएं।
परिवार से लेकर समाज तक ने निभाई सहभागिता
शिविर के चौथे दिन प्रथम रक्तदाता भूपेन्द्र सिंह की बेटी काजल सिंह रहीं, जबकि अंतिम रक्तदाता उनके पुत्र अविराज सिंह बने। विभिन्न सामाजिक संगठनों, भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने अपने साथियों के साथ बड़ी संख्या में रक्तदान किया।
क्षत्रिय महासभा जिला सागर अध्यक्ष लखन सिंह ने 100 से अधिक सदस्यों के साथ रक्तदान किया, जबकि कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने समूहों के साथ शिविर में भागीदारी निभाई।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और चिकित्सक रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व सांसद राजबहादुर सिंह, प्रभुदयाल पटेल, विजय जैन बट्टी, प्रियंका पटैरिया, वृंदावन अहिरवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
चिकित्सकीय टीम में डॉ. नीना गिडियन, डॉ. ममता तिमोरे, डॉ. प्रमेन्द्र सिंह, डॉ. राजेश जैन, डॉ. अमर गंगवानी, डॉ. रामजी ठाकुर, डॉ. महेश जैन, डॉ. संतोष गौड़, डॉ. धीरेंद्र पटेल, डॉ. श्वेता गौतम और डॉ. तुषार मिश्रा सहित जिला चिकित्सालय एवं बीएमसी के नर्सिंग और लैब स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Comment

Read More