
महाराजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अवैध शराब पकड़ाई, 13 साल से फरार वारंटी गिरफ्तार, दो नाबालिग बच्चियां सुरक्षित मिलीं
सागर, 21 मई 2026। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सागर पुलिस की थाना महाराजपुर पुलिस ने एक ही दिन में तीन महत्वपूर्ण कार्रवाइयों को अंजाम दिया। पुलिस ने अवैध शराब परिवहन मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, 13 वर्षों से फरार स्थायी वारंटी को पकड़ने में सफलता हासिल की तथा दो नाबालिग बच्चियों को सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
स्कॉर्पियो से 565 क्वार्टर शराब बरामद
महाराजपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ढूढा घाट क्षेत्र में घेराबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 565 क्वार्टर लाल देशी शराब बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम देवेन्द्र यादव और हिमांशु विश्वकर्मा निवासी महाराजपुर बताए। दोनों आरोपी शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने करीब 100 लीटर शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 56 हजार रुपए बताई गई है, तथा लगभग 13 लाख रुपए कीमत की स्कॉर्पियो वाहन जप्त की है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
13 साल से फरार स्थायी वारंटी गिरफ्तार
पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे स्थायी वारंटी प्रकाश उर्फ गुड्डा उर्फ कल्यान निवासी तोडका को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब 12 से 13 वर्षों से गिरफ्तारी से बचने के लिए गुजरात में रह रहा था और कुछ माह पहले गांव लौटकर नाम बदलकर रह रहा था। लगातार निगरानी और सूचना संकलन के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की।
दो नाबालिग बच्चियां सुरक्षित मिलीं
महाराजपुर पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए दो नाबालिग बच्चियों को सुरक्षित दस्तयाब कर उनके परिजनों को सुपुर्द किया। पुलिस द्वारा आवश्यक पूछताछ और पुष्टि के बाद बच्चियों को सुरक्षित उनके परिवार के हवाले किया गया।
इन सभी कार्रवाइयों में थाना प्रभारी अजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक राजेश भट्ट, प्रधान आरक्षक देवेन्द्र तिवारी सहित आरक्षक संजय, नीलेश, वीरेन्द्र, धर्मेन्द्र यादव, परमानंद और आनंद की सराहनीय भूमिका रही।











