आध्यात्म की चेतना और विकास का संकल्प : ग्राम आमेट में विधायक प्रदीप लारिया ने दिया प्रेरणा, संस्कार और संवेदनाओं का संदेश

विधानसभा क्षेत्र नरयावली अंतर्गत ग्राम आमेट में उस समय आध्यात्म, विकास और प्रेरणा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने बड़े देव बाबा मंदिर प्रांगण पहुंचकर चल रही श्रीमद्भागवत कथा में सहभागिता करते हुए व्यास गद्दी एवं कथा व्यास के चरणों में श्रद्धापूर्वक नमन किया। विधायक श्री लारिया ने श्रद्धालुओं के साथ भागवत कथा का श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ अर्जित किया तथा कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को संस्कारित करने वाली दिव्य चेतना है, जो मनुष्य को सत्य, सेवा, सदाचार और समाजहित की दिशा में अग्रसर करती है।

धर्म और जनसेवा के समन्वय को आगे बढ़ाते हुए विधायक श्री लारिया ने बड़े देव बाबा मंदिर के समीप स्थित नाले की रिटर्निंग वॉल निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया। विधायक निधि से 3.50 लाख रुपए की लागत से बनने वाला यह निर्माण कार्य क्षेत्रवासियों को सुविधा और सुरक्षा प्रदान करेगा।

इस अवसर पर विधायक श्री लारिया ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि विकास तभी सार्थक होता है, जब उसमें समाज की आस्था, जनभावनाओं का सम्मान और जनकल्याण की भावना समाहित हो। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में आध्यात्म आत्मा को प्रकाशित करता है और विकास समाज को सशक्त बनाता है, दोनों का संतुलन ही समृद्ध राष्ट्र निर्माण का आधार है।

इसी क्रम में विधायक श्री लारिया ने ग्राम आमेट निवासी मेधावी छात्रा सुधा कुर्मी के निवास पहुंचकर उनका सम्मान एवं उत्साहवर्धन किया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रजौआ में अध्ययनरत छात्रा सुधा कुर्मी ने सीमित संसाधनों एवं बिना किसी कोचिंग सुविधा के अपनी अथक मेहनत और लगन से कक्षा 12वीं में 92.02 प्रतिशत अंक अर्जित कर उत्कृष्ट उपलब्धि प्राप्त की है। विधायक श्री लारिया ने छात्रा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में प्राप्त की गई सफलता ही वास्तविक प्रेरणा बनती है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सुविधाओं की मोहताज नहीं होती, बल्कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन और अथक परिश्रम ही सफलता का वास्तविक मार्ग प्रशस्त करते हैं। विधायक श्री लारिया ने छात्रा की उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम में उत्साह, श्रद्धा और जनसहभागिता का विशेष वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर सरपंच जाहर सिंह, दुलीचंद कुर्मी, धर्मेंद्र कुशवाहा, वीरेन्द्र घोसी, राकेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने ग्राम आमेट में सामाजिक समरसता, शिक्षा प्रोत्साहन और जनविकास की सकारात्मक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान की।

Leave a Comment

Read More