
शासकीय संभागीय ITI सागर में ‘नारी शक्ति’ रैम्प वॉक का शानदार आयोजन, प्रशिक्षणार्थियों ने दिखाया हुनर
सागर। शासकीय संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (ITI) सागर में महिला सशक्तिकरण और कौशल विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 21 मई 2026 को ‘नारी शक्ति’ गौरवमयी रैम्प वॉक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संस्था के प्राचार्य अमरनाथ साकेत के निर्देशन में किया गया, जिसमें ‘सुइंग टेक्नोलॉजी’ विभाग की प्रशिक्षणार्थियों ने अपने हुनर और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में प्रशिक्षण अधिकारी आशु राव के मार्गदर्शन में छात्राओं द्वारा स्वयं डिजाइन किए गए आधुनिक एवं पारंपरिक परिधानों को पहनकर आकर्षक रैम्प वॉक प्रस्तुत की गई। प्रशिक्षणार्थियों ने अपने डिजाइनों के माध्यम से आत्मविश्वास, कला और नवाचार का परिचय दिया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।
अतिथियों की रही विशेष उपस्थिति
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सहायक संचालक अदिति मिश्रा एवं प्राचार्य वर्ग-2 पूजा तिवारी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन आशु राव द्वारा सफलतापूर्वक किया गया।
प्रतियोगिता में इन प्रतिभागियों ने मारी बाजी
रैम्प वॉक एवं ड्रेस डिजाइनिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विजेताओं की घोषणा की गई—
प्रथम स्थान: गायत्री खटोल
द्वितीय स्थान: मधु प्रजापति
तृतीय स्थान: महक अहिरवार
कार्यक्रम में प्रभारी प्रशिक्षण अधीक्षक लखन लाल अहिरवार ने कहा कि वर्तमान समय में आधुनिक सिलाई एवं फैशन डिजाइनिंग कौशल की बाजार में काफी मांग है। आईटीआई महिलाओं को नई तकनीकों और आधुनिक मशीनों का प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।
इस दौरान सुनील सेन सहित समस्त महिला प्रशिक्षण अधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों और विजेताओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके हुनर की सराहना की गई।











