शाहपुर डबल मर्डर केस में बड़ा खुलासा: 3 और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 5 गिरफ्त में

शाहपुर डबल मर्डर केस में बड़ा खुलासा: 3 और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 5 गिरफ्त में
सागर जिले के शाहपुर चौकी क्षेत्र में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सानौधा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अब तक इस मामले में कुल पांच आरोपी पुलिस गिरफ्त में आ चुके हैं, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 9 मई 2026 को फरियादी सूरज अहिरवार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 मई की रात शराब बेचने के संदेह में आरोपियों ने रास्ता रोककर गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए लाठी एवं लोहे की रॉड से हमला किया। इस हमले में नीरज प्रजापति की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल सूरज अहिरवार ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
मामले में पुलिस ने हत्या, मारपीट एवं एससी/एसटी एक्ट की गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने लगातार दबिश देकर आरोपियों की तलाश की।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सत्यपाल लोधी अपने दो साथियों के साथ जैसीनगर तिगड्डा के पास बाहर प्रदेश भागने की फिराक में खड़ा है। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में सत्यपाल लोधी ने कबूल किया कि वह मुख्य आरोपी छोटू उर्फ हर्ष लोधी के साथ शराब कंपनी में काम करता था और घटना में शामिल था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने हत्या को दुर्घटना साबित करने की साजिश रची थी। फरारी के लिए शराब कंपनी के खाते से रकम साथियों के खातों में ट्रांसफर की गई थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी छोटू उर्फ हर्ष लोधी का मोबाइल भी जब्त किया है, जिसमें घटना से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी सत्यपाल लोधी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। मामले में पुलिस की वैज्ञानिक विवेचना, डिजिटल साक्ष्य संकलन और त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

Leave a Comment

Read More