पुव्याऊ टौरी में युवक घायल मिला, हथियार लहराने और मारपीट का आरोप, डायल 112 की देरी पर उठे सवाल

पुव्याऊ टौरी में युवक घायल मिला, हथियार लहराने और मारपीट का आरोप, डायल 112 की देरी पर उठे सवाल
सागर। शहर के पुव्याऊ टौरी क्षेत्र में एक युवक गंभीर घायल अवस्था में पड़ा मिला। जानकारी के अनुसार एक मकान मालिक ने सुबह ताला खोलते समय युवक को घायल हालत में देखा, जिसके बाद तत्काल डायल 112 को सूचना दी गई। युवक के पेट में गहरा घाव बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों की मदद से उसे डायल 112 वाहन के जरिए उपचार के लिए भेजा गया।
घटना के बाद क्षेत्र के पूर्व पार्षद ने बताया कि वह घायल युवक को नहीं पहचानते। वहीं वार्ड के कुछ युवकों ने दावा किया कि घायल युवक का नाम “अक्कू” है और वह सुबह करीब पांच बजे से काली मंदिर क्षेत्र में हथियार लेकर घूम रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक ने क्षेत्र में दहशत फैलाने की कोशिश की तथा कुछ लोगों के साथ मारपीट भी की। आरोप है कि उसने तीन लोगों के साथ हाथापाई की और हथियार लहराता रहा।
हालांकि युवक के साथ मारपीट किसने की और वह गंभीर रूप से घायल कैसे हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि युवक किसी युवती को परेशान करने की नीयत से हथियार लेकर घूम रहा था, इसी दौरान यह घटना हुई।
इधर घटना के बाद डायल 112 की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के करीब दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों ने कहा कि जहां नवागत पुलिस अधीक्षक द्वारा त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स की बात कही जा रही है, वहीं शहर के भीतर ही पुलिस सहायता पहुंचने में लंबा समय लगना चिंता का विषय है।
फिलहाल घायल युवक का उपचार जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Comment

Read More