मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का सख्त अल्टीमेटम, कामचोर ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का सख्त अल्टीमेटम, कामचोर ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट

पेयजल योजनाओं की समीक्षा बैठक में अधिकारियों-ठेकेदारों को फटकार, कहा— हर घर तक समय पर पहुंचे शुद्ध पानी, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
खबर:
गोविंद सिंह राजपूत ने पेयजल योजनाओं में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों और अधिकारियों पर सख्त रुख अपनाते हुए साफ कहा कि जनता को पानी देने में किसी भी प्रकार की बहानेबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री श्री राजपूत ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और जल निगम की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जो ठेकेदार समय पर काम शुरू नहीं कर रहे या अधूरा छोड़ चुके हैं, उन पर पेनाल्टी लगाकर ब्लैकलिस्ट किया जाए।
बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे दफ्तरों से निकलकर मौके पर जाएं और कार्यों की निगरानी करें। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर विभिन्न क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति जानी और पाइपलाइन नहीं बिछने, तकनीकी खामियों तथा ठेकेदारों की मनमानी जैसी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंत्री श्री राजपूत ने बिजली विभाग और पीएचई अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि बिजली कनेक्शन या तकनीकी खराबी के कारण कोई भी नल-जल योजना बंद नहीं होनी चाहिए। जहां भी समस्या है, वहां प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए ताकि जलापूर्ति बाधित न हो।
उन्होंने सभी पानी की टंकियों की वाटरप्रूफिंग और सफाई कराने के निर्देश भी दिए ताकि पानी की गुणवत्ता बनी रहे। तकनीकी कारणों से संशोधित (रिवाइज्ड) योजनाओं के लंबित कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने के आदेश दिए गए।
बैठक में एनएचएआई सड़क निर्माण से क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों को लेकर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि राहतगढ़ विकासखंड के लगभग 40 से 50 गांवों में लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं, इसलिए क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों की मरम्मत एक सप्ताह के भीतर पूरी की जाए।
मंत्री ने निर्देश दिए कि जहां भी पाइपलाइन लीकेज या क्षति है, वहां युद्धस्तर पर मरम्मत अभियान चलाया जाए ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके। ग्राम पंचायतों को सुपुर्द योजनाओं के बेहतर संचालन के लिए स्थानीय वॉल्व ऑपरेटर्स को तकनीकी प्रशिक्षण देने और निर्धारित समय पर जलप्रदाय सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि तय समयसीमा में कार्य पूरे नहीं हुए तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। मंत्री श्री राजपूत ने 15 दिन बाद पुनः समीक्षा बैठक लेने की बात कहते हुए चेतावनी दी कि प्रगति नहीं मिलने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में प्रतिभा पाल, विवेक के वी, गगन बिसेन, अमन मिश्रा, रोहित वर्मा सहित विभागीय अधिकारी, इंजीनियर, ठेकेदार और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Comment

Read More