नासिर अंसारी मेमोरियल जूनियर लीग फुटबॉल के दूसरे सीजन का धमाकेदार आगाज, ग्रेट मैन और दीपक मेमोरियल ‘बी’ ने दर्ज की जीत

नासिर अंसारी मेमोरियल जूनियर लीग फुटबॉल के दूसरे सीजन का धमाकेदार आगाज, ग्रेट मैन और दीपक मेमोरियल ‘बी’ ने दर्ज की जीत
सब हेडलाइन:
स्व. नासिर अंसारी की स्मृति में आयोजित प्रतियोगिता में शहर की 8 टीमें ले रहीं हिस्सा, पहले दिन दिखा युवा खिलाड़ियों का शानदार खेल
सागर। फुटबॉल और खेल प्रतिभाओं की धरती सागर में सोमवार को ‘नासिर अंसारी मेमोरियल जूनियर लीग फुटबॉल चैंपियनशिप’ के दूसरे सीजन का भव्य शुभारंभ हुआ। विक्रम अवॉर्डी एवं 8 बार संतोष ट्रॉफी खेलने वाले राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी स्वर्गीय नासिर अंसारी की स्मृति में आयोजित इस प्रतिष्ठित जूनियर लीग का आयोजन ग्रेट मैन इंटरनेशनल स्कूल परिसर में किया जा रहा है, जिसमें शहर की 8 टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरी हैं।
टूर्नामेंट के पहले दिन खेले गए दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उद्घाटन मैच में मेजबान ग्रेट मैन इंटरनेशनल स्कूल का सामना दीपक मेमोरियल-ए से हुआ। मैच के 7वें मिनट में ग्रेट मैन स्कूल के खिलाड़ी ओम देवलिया ने बेहतरीन गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद दीपक मेमोरियल की टीम ने बराबरी के लिए लगातार प्रयास किए, लेकिन ग्रेट मैन की मजबूत डिफेंस के आगे उनकी एक न चली और मैच 1-0 से ग्रेट मैन इंटरनेशनल स्कूल के नाम रहा।
दूसरे मुकाबले में दीपक मेमोरियल-बी ने पारस विद्या विहार-ए के खिलाफ शानदार आक्रामक खेल दिखाया। दीपक मेमोरियल-बी के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल के साथ लगातार दो गोल दागते हुए मुकाबला 2-0 से अपने नाम कर लिया। मैच के दौरान मैदान पर मौजूद दर्शकों और फुटबॉल प्रेमियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में ग्रेट मैन इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर श्री नीरज केसरवानी उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर गेंद पर किक मारते हुए टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 के स्पोर्ट्स ऑफिसर श्री नईम खान, सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल के स्पोर्ट्स ऑफिसर ज्यूड रॉबर्ट, केंद्रीय विद्यालय भोपाल के श्री नदीम खान एवं पूर्व नेशनल खिलाड़ी श्री विमल देव विशेष रूप से मौजूद रहे।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी दो रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच पारस विद्या विहार-बी और सागर फ्लायर-ए के बीच होगा, जबकि दूसरा मुकाबला खुरई और सागर फ्लायर-बी की टीमों के मध्य खेला जाएगा।

Leave a Comment

Read More