
युवा स्मार्ट नेता आकाश सिंह राजपूत ने रिलीज की फिल्म “हम तुम फिर मिलेंगे”
सागर के कलाकारों की प्रतिभा एक दिन मुंबई तक गूंजेगी — आकाश सिंह राजपूत
सागर। शहर के प्रतिभाशाली कलाकारों द्वारा निर्मित यूट्यूब फिल्म “हम तुम फिर मिलेंगे” का भव्य पोस्टर एवं फिल्म रिलीज कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर युवा नेता एवं युवा कलाकार आकाश सिंह राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उन्होंने फिल्म का पोस्टर लॉन्च कर निर्माता, निर्देशक, म्यूजिशियन एवं पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर भानु प्रताप सिंह, डॉ. राकेश सोनी, डॉ. ललित मोहन, डॉ. अवधेश प्रताप सिंह, डॉ. अल्ताफ मुलानी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। फिल्म के डायरेक्टर चंद्रांशु चादर, निर्माता अक्षय राणा एवं म्यूजिशियन अतुल पथरोल ने अपनी बेहतरीन कला और मेहनत से फिल्म को आकर्षक स्वरूप दिया है। फिल्म “हम तुम फिर मिलेंगे” में कलाकारों की दमदार अभिनय क्षमता और शानदार प्रस्तुति दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ने का कार्य करेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवा नेता आकाश सिंह राजपूत ने कहा कि सागर की धरती प्रतिभाओं से भरी हुई है और यहां के कलाकारों में वह क्षमता है जो उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहचान दिला सकती है। उन्होंने कहा कि कला और सिनेमा समाज को जोड़ने का सबसे सशक्त माध्यम है तथा युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा के माध्यम से सकारात्मक संदेश देने का कार्य करना चाहिए।
आकाश सिंह राजपूत ने अपने मुंबई फिल्मी सफर के अनुभव साझा करते हुए कहा कि संघर्ष, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर हर युवा अपने सपनों को साकार कर सकता है। उन्होंने कहा —
“हमारे बुंदेलखंड में बहुत अनुभव और अद्भुत प्रतिभा छुपी हुई है। आने वाले समय में हम सब मिलकर बुंदेलखंड के लिए एक नई फिल्म इंडस्ट्री खड़ी कर सकते हैं। जरूरत है इस प्रतिभा को पहचानने और उसे सही मंच देने की। यही सपना लेकर हमारे अक्षय राणा जी ने ‘हम तुम फिर मिलेंगे’ जैसी शानदार फिल्म बनाई है। मुझे पूरा विश्वास है कि सागर और बुंदेलखंड के युवा कलाकार आने वाले समय में बॉलीवुड और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी अलग पहचान बनाएंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्रीय कलाकारों को आगे बढ़ाने के लिए समाज और युवाओं को एकजुट होकर सहयोग करना चाहिए ताकि छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी बड़े मंचों तक पहुंच सकें। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने फिल्म की पूरी टीम को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।











