
ITI बंडा में फर्जी उपस्थिति और भ्रष्टाचार का आरोप, प्राचार्य व प्रशिक्षण अधिकारी पर शिकायत
सागर। शासकीय आईटीआई बंडा में फर्जी उपस्थिति दर्ज कर भ्रष्टाचार किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। अधिवक्ता सुरेन्द्र कुमार “अधिवक्ता” ने संयुक्त संचालक, कौशल विकास क्षेत्रीय कार्यालय एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सागर को शिकायत सौंपकर प्राचार्य एम.के. प्रजापति और प्रशिक्षण अधिकारी ट्रेड इलेक्ट्रीशियन राकेश कुशवाह पर पद के दुरुपयोग के आरोप लगाए हैं।
शिकायत में आरोप है कि राज ठाकुर, जो म.प्र. पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में आउटसोर्स कर्मचारी है, उसकी आईटीआई बंडा में फर्जी तरीके से उपस्थिति दर्ज की गई। शिकायतकर्ता का दावा है कि राज ठाकुर नियमित रूप से अपने कार्यस्थल पर कार्यरत था और आईटीआई में अध्ययन करने कभी गया ही नहीं। इतना ही नहीं, उस पर एक आपराधिक प्रकरण दर्ज होने तथा कुछ समय जेल में रहने का भी उल्लेख शिकायत में किया गया है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि प्राचार्य और प्रशिक्षण अधिकारी ने नियम विरुद्ध तरीके से छात्र की उपस्थिति दर्ज कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और परीक्षा में शामिल होने की अनुमति प्रदान की। शिकायत में कहा गया है कि यह कृत्य भ्रष्टाचार और शासन के साथ धोखाधड़ी की श्रेणी में आता है।
आवेदन में मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष विभागीय जांच कराई जाए, संबंधित अधिकारियों को जांच पूरी होने तक निलंबित किया जाए तथा प्रथम दृष्टया पुलिस मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
शिकायत के साथ आरटीआई से प्राप्त उपस्थिति पंजी और नियुक्ति पत्र सहित दस्तावेज भी संलग्न किए गए हैं।
















