
Sagar: जंगल में मृत मिला तेंदुआ, वन्य जीव अभ्यारण में मचा हड़कंप
सागर जिले के शाहगढ़ वनपरिक्षेत्र से वन्यजीवों को लेकर एक चिंताजनक मामला सामने आया है। शाहगढ़ वनपरिक्षेत्र अंतर्गत बरायठा के जंगल में स्थित नवीन घोषित डॉ. भीमराव अंबेडकर वन्य जीव अभ्यारण में एक वयस्क तेंदुआ मृत अवस्था में मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई।
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब एक बजे तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल गई महिलाओं ने जंगल के अंदर एक तेंदुए को मृत हालत में पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर उसके सिर में गंभीर चोट के निशान दिखाई दिए। इसके बाद महिलाओं ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया। साथ ही वन विभाग ने पशु चिकित्सकों की टीम को भी मौके पर बुलाया, जिन्होंने तेंदुए के शव का प्राथमिक परीक्षण किया।
वनपरिक्षेत्र अधिकारी सर्वेश सोनी ने बताया कि तेंदुए की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल वन विभाग विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रहा है। तेंदुए के सिर में गंभीर चोट मिलने से कई तरह की आशंकाएं भी जताई जा रही हैं।
वन्यजीव अभ्यारण क्षेत्र में तेंदुए की मौत की घटना ने वन्यजीव संरक्षण और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल वन विभाग मामले की गंभीरता से जांच में जुटा हुआ है।











