शिवरात्रि जुलूस में जानलेवा हमला करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किया चाकू

शिवरात्रि जुलूस में जानलेवा हमला करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किया चाकू
देवरी (सागर)। थाना देवरी पुलिस ने शिवरात्रि जुलूस के दौरान हुए जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 15 फरवरी 2026 को देवरी में आयोजित शिव बारात जुलूस के दौरान तलवार लाने की बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद आरोपी मयंक यादव, देव उर्फ देवरा यादव और ओम यादव ने कार्यक्रम आयोजक अनिल उर्फ अन्ना कोष्टी पर हमला कर दिया। आरोप है कि मयंक यादव ने अनिल कोष्टी पर चाकू से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल को पहले देवरी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर सागर रेफर किया गया था।
घटना के बाद थाना देवरी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। इस प्रकरण में एक नाबालिग आरोपी को 19 फरवरी 2026 को ही गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी थी।
पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 29 मई 2026 को आरोपी मयंक यादव (19 वर्ष) निवासी पड़रई बुजुर्ग, हाल मुकाम झुनकू वार्ड देवरी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर उप जेल रहली भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले का एक अन्य आरोपी ओम यादव अभी फरार है, जिसकी तलाश लगातार जारी है। यह कार्रवाई एसडीओपी रहली के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हरिराम मानकर और उनकी टीम द्वारा की गई।

Leave a Comment

Read More