सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भावभीनी विदाई, कंट्रोल रूम में सम्मान समारोह आयोजित

सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भावभीनी विदाई, कंट्रोल रूम में सम्मान समारोह आयोजित
सागर। पुलिस कंट्रोल रूम सागर में शनिवार को लंबे और गौरवपूर्ण सेवाकाल के बाद सेवानिवृत्त होने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक राजेश्वरी चौहान, अंसार खान, हरि नारायण दुबे तथा प्रधान आरक्षक मनोज कुमार पाल को सम्मानित कर भावभीनी विदाई दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा रहे। उन्होंने सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का महत्वपूर्ण दायित्व है। सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और समर्पित कार्यों से विभाग को गौरवान्वित किया है।
समारोह में रक्षित निरीक्षक नितेश वायकर सहित पुलिस कंट्रोल रूम का स्टाफ और सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के परिवारजन भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा किए और विभाग से जुड़ी पुरानी यादों को ताजा किया। कई अवसरों पर वे अपने सहकर्मियों और कार्यकाल की स्मृतियों को याद कर भावुक भी नजर आए।
परिवारजनों ने भी पुलिस सेवा के दौरान आने वाली चुनौतियों, त्याग, साहस और कर्तव्यपरायणता से जुड़े अनुभव साझा किए। समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त साथियों के योगदान को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरा कार्यक्रम आत्मीयता, सम्मान और भावनात्मक स्मृतियों से ओतप्रोत रहा।

Leave a Comment

Read More