
आस्था, स्वास्थ्य और शिक्षा को मिली नई गति: विधायक प्रदीप लारिया ने जरुआखेड़ा में 1.71 करोड़ के विकास कार्यों का किया शुभारंभ
जरुआखेड़ा, 1 जून; नरयावली विधानसभा क्षेत्र में विकास की निरंतर यात्रा को नई गति देते हुए विधायक इंजी.प्रदीप लारिया ने सोमवार को जरुआखेड़ा में लगभग 1 करोड़ 71 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत विभिन्न जनहितकारी विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।
उन्होंने 93 लाख रु.की लागत से बनने वाले नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, 50 लाख रु. की लागत से निर्मित मंगल भवन तथा 28 लाख रु. से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की बाउंड्री वॉल के निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक अधोसंरचना को नई मजबूती मिलेगी।
प्रदेश एवं बुंदेलखंड के प्रमुख आस्था केंद्र ठाकुर बाबा सिद्ध स्थल पर आयोजित कार्यक्रम विकास और जनआस्था के अद्भुत संगम का साक्षी बना। क्षेत्रवासियों ने इसे नरयावली विधानसभा में वर्षों से चल रहे विकास प्रयासों का सुखद परिणाम बताया।
इस अवसर पर विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनजीवन को बेहतर बनाने का माध्यम है। शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए उनकी प्रतिबद्धता आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि नरयावली विधानसभा में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और धार्मिक-सामाजिक अधोसंरचना के क्षेत्र में लगातार हो रहे कार्यों ने विकास का नया वातावरण निर्मित किया है। क्षेत्रवासियों का विश्वास है कि विधायक लारिया के सतत प्रयासों से विधानसभा विकास के नए सोपानों की ओर तेजी से अग्रसर हो रही है।
कार्यक्रम में गुलाब सिंह राजपूत सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे और विकास उत्सव के साक्षी बने











