लक्ष्मीपुरा महिला विद्यालय में 10 लाख रुपये की लागत से अतिरिक्त कक्ष निर्माण का भूमिपूजन, विधायक शैलेंद्र कुमार जैन बोले— शिक्षा के लिए संसाधनों की कमी नहीं आने देंगे

लक्ष्मीपुरा महिला विद्यालय में 10 लाख रुपये की लागत से अतिरिक्त कक्ष निर्माण का भूमिपूजन, विधायक शैलेंद्र कुमार जैन बोले— शिक्षा के लिए संसाधनों की कमी नहीं आने देंगे

सागर। शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक  शैलेंद्र कुमार जैन ने लक्ष्मीपुरा वार्ड स्थित महिला विद्यालय परिसर में विधायक निधि से स्वीकृत 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले अतिरिक्त कक्ष का विधि-विधान पूर्वक भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार सहित विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे,सभी ने विद्यालय की संस्थापक श्रीमती यमुना ताई ठाकुर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक  शैलेंद्र कुमार जैन ने विद्यालय से अपने भावनात्मक जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा इसी विद्यालय में नर्सरी, केजी-1 एवं केजी-2 कक्षाओं में प्राप्त की थी। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय ने उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और इसी कारण उनके मन में सदैव यह भावना रही है कि इस विद्यालय के प्रति अपना दायित्व निभाते हुए इसके विकास में योगदान दिया जाए।

उन्होंने बताया कि विद्यालय भवन अत्यंत पुराना होने के कारण इसके कई हिस्से जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पहुंच गए थे। लगभग 2 वर्ष पूर्व उनके प्रयासों से विधायक निधि से 18 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराकर नए कक्षों का निर्माण कराया गया था, जिसका लाभ विद्यार्थियों को मिल रहा है। अब पुनः 10 लाख रुपये की लागत से भवन के दूसरे हिस्से के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया है।

विधायक  जैन ने कहा कि शिक्षा आज प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार, कर्तव्य और आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि केवल बड़े निजी या अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थी ही सफलता प्राप्त नहीं करते, बल्कि सरकारी विद्यालयों में अध्ययन करने वाले अनेक छात्र-छात्राएं भी अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर आईएएस, आईपीएस सहित उच्च प्रशासनिक पदों तक पहुंचते हैं।

उन्होंने कहा कि लक्ष्मीपुरा स्थित महिला विद्यालय आसपास के पांच से छह वार्डों की बालिकाओं के लिए शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र है। वर्तमान में यहां प्राथमिक स्तर पर बालकों को भी प्रवेश दिया जाता है। ऐसे में विद्यालय में पर्याप्त एवं सुरक्षित शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से लगातार भवन विस्तार एवं विकास कार्य किए जा रहे हैं।

जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश के शासकीय विद्यालयों को संदीपनी विद्यालयों के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां उत्कृष्ट भवन, आधुनिक शिक्षण सामग्री, बेहतर पुस्तकें, खेल मैदान एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार का उद्देश्य है कि संसाधनों के अभाव में किसी भी विद्यार्थी की प्रतिभा बाधित न हो। उन्होंने कहा कि सागर में एक संदीपनी विद्यालय प्रारंभ हो चुका है तथा शीघ्र ही एक और संदीपनी विद्यालय शुरू किया जाएगा,उन्होंने विद्यालय की संस्थापना श्रद्धेय श्रीमती यमुना ताई ठाकुर जी के योगदान को स्मरण करते हुए उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवीन कक्ष निर्माण से छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं प्राप्त होंगी, जिससे उनकी शिक्षा और व्यक्तित्व विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं शिक्षा के विकास के लिए उनकी प्रतिबद्धता निरंतर जारी रहेगी।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद गोलू जैन,  पराग जैन, प्राचार्य  राजश्री,  ओमप्रकाश पाठक,  राकेश जैन,  एस.एल. प्रजापति,  भरत यादव, सीमा यादव,  गायत्री साहू अध्यक्ष प्रदीप बाखले सचिव विकास बेलापुरकर उपाध्यक्ष विकास सुभेदार प्राचार्य राजश्री माणके पूर्व प्राचार्य ओमप्रकाश पाठक बसंत पराग जैन राकेश जैन अनुराग दुबे मनि .ठाकुर प्रशांत हलवे जयंत माणके राकेश जैन श्याम लाल प्रजापति भरत यादव राजेन्द्र ठाकुर मनीष जैन अखिलेश जैन. पूर्व प्राचार्य अरुणा वाखले सीमा प्रजापति गायत्री साहू नीता यादव ज्योति शाक्य सुनंदा सोनी उमा भारती चौरसिया राधा कोरी रमा सोनी रामकली प्रजापति बबीता कोष्टी सहित विद्यालय परिवार के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Read More