
NEET पेपर लीक के खिलाफ सागर में युवा कांग्रेस का मशाल जुलूस, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
सागर। NEET पेपर लीक, सीबीएसई परीक्षा मूल्यांकन में कथित अनियमितताओं और बढ़ती महंगाई के विरोध में रविवार शाम सागर में युवा कांग्रेस ने विशाल मशाल जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया के नेतृत्व में निकला यह जुलूस तीन बत्ती स्थित कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर कटरा बाजार, जामा मस्जिद, गुजराती बाजार होते हुए राधा तिराहे पर सभा में परिवर्तित हुआ।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। बड़ी संख्या में युवा हाथों में मशालें और तख्तियां लेकर सड़कों पर उतरे।
सभा को संबोधित करते हुए यश घनघोरिया ने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार के कारण लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई और शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा नहीं दिया, तो आंदोलन को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर और तेज किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस महासचिव रेखा चौधरी, पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार पचौरी, पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी सहित कांग्रेस और उसके विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन के अंत में राष्ट्रपति के नाम छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर परीक्षा घोटालों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।











