मोतीनगर थाना पुलिस का एक्शन: लूट और हत्या के प्रयास का त्वरित खुलासा, 4 आरोपी दबोचे

सागर में 24 घंटे के भीतर लूटकांड का खुलासा: चाकू मारकर 2 हजार रुपये लूटने वाले 2 आरोपी और 2 नाबालिग गिरफ्तार
सागर। मोतीनगर थाना पुलिस ने लूट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराध का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 2 आरोपियों और 2 अपचारी बालकों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों ने एक व्यक्ति को चाकू मारकर घायल कर दिया था और उसकी जेब से 2 हजार रुपये लूट लिए थे।
पुलिस के अनुसार 29 मई की रात राजीवनगर निवासी घनश्याम राय भोजन के बाद टहलने निकले थे। संस्कृत विद्यालय के पास हनुमान मंदिर के सामने कुछ युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए रुपये मांगने शुरू कर दिए। विरोध करने पर चाकू की नोक पर उनकी जेब से करीब 2 हजार रुपये लूट लिए गए। जब घनश्याम राय ने प्रतिरोध किया तो आरोपियों ने उन पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना मोतीनगर में मामला दर्ज कर पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और लगातार तलाश के आधार पर आरोपियों को चिन्हित कर दबिश दी।
पुलिस ने मामले में काकागंज वार्ड निवासी नितिन अहिरवार (21) और चंदन अहिरवार (25) को गिरफ्तार किया, जबकि घटना में शामिल दो अपचारी बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में सभी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया है, जबकि अपचारी बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी जसवंत सिंह Rajput, उप निरीक्षक लोकेश पटेल, गौरव गुप्ता सहित मोतीनगर थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में गंभीर अपराधों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Read More