
24 घंटे में दबोचा गया पत्रकार पर हमले का मुख्य आरोपी, गोपालगंज पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सागर। पत्रकार पर हमले और अवैध वसूली के मामले में गोपालगंज पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि मामले के अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 1 जून 2026 की मध्यरात्रि फरियादी अतुल मिश्रा अपने साथियों के साथ खेल परिसर मेला ग्राउंड के पास मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी अंकित दक्ष और उसके साथी बिट्टू प्रजापति ने उन्हें रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगे और अवैध वसूली का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा धारदार हथियार से हमला कर फरियादी और उसके साथियों को घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना गोपालगंज पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से लगातार दबिश दी। इसके परिणामस्वरूप मुख्य आरोपी अंकित दक्ष पिता रमेश दक्ष, निवासी शांति होटल के पास, गोपालगंज, सागर को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की विवेचना जारी है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शर्मा के नेतृत्व में गोपालगंज पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसकी सक्रियता से मुख्य आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार किया जा सका।











